CORONA NEWS : बिहार में लॉकडाउन का फायदा! 13 दिन में पहली बार सक्रिय मरीज एक लाख से कम, अब 31 तक प्रतिबंध जारी रखने की सिफारिश

PATNA : बिहार में लॉकडाउन का असर नजर आने लगा है। पिछले 13 दिन पहली बार ऐसा हुआ है कि बिहार में सक्रिय मरीजों की संख्या एक लाख से कम हुई है। ऐसे में इस आंकड़ें को और कम करने के लिए बिहार में लॉकडाउन की अवधि को 31 मई तक बढ़ाने की सिफारिश की गई है।
बुधवार को लॉकडाउन को लेकर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में वीडियो कांफ्रेसिंग आयोजित की गयी थी। प्रशासनिक पदाधिकारियों के मुताबिक ज्यादातर जिले के डीएम ने लॉकडाउन बढ़ाने का प्रस्ताव दिया है।बैठक की शुरूआत में प्रत्यय अमृत ने बताया कि कोरोना की वर्तमान स्थिति में पहले की अपेक्षा काफी सुधार हुआ है। 5 मई के बाद कोरोना संक्रमण के मामले में लगातार कमी आयी है। लॉकडाउन का बहुत ही अच्छा प्रभाव पड़ा है। बिहार का पॉजिटिविटी रेट 12.09 है, जो देश के पॉजिटिविटी रेट 22.72 से काफी कम है। बिहार का रिकवरी रेट 82.77 प्रतिशत है। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों से लाभुकों को टीका का दूसरा डोज दिलवाने का अनुरोध किया और कहा कि यदि कोई व्यक्ति दूसरा डोज समय पर नहीं लेता है, तो उसका पहला डोज भी बेकार हो जाएगा।
इसके बाद गृह सचिव चैतन्य प्रसाद ने ऑनलाइन उपस्थित सभी आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस उप महानिरीक्षक, जिलाधिकारी, वरीय पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक से बारी-बारी से लॉकडाउन की अवधि में विस्तार को लेकर उनकी राय ली गई। अधिकतर पदाधिकारियों ने 15 मई से 31 मई तथा कुछ पदाधिकारी ने 15 मई से 26 मई तक वर्तमान प्रतिबंध के अनुसार ही लॉकडाउन की अवधि में विस्तार करने का सुझाव दिया। बैठक में मुख्य सचिव ने सभी को निर्देश दिया कि लॉकडाउन के दौरान बिना काम का कोई बाहर न निकलें, इस पर सभी जिलाधिकारी ध्यान दें तथा अंतर जिला भ्रमण पर भी रोक लगाएं।
राज्य में 13 दिन बाद सक्रिय मरीजों की संख्या भी 1 लाख से नीचे आई
सक्रिय मरीजों की संख्या 13 दिन में पहली बार 1 लाख से नीचे चली गई है। बुधवार को राज्य में सक्रिय मरीजों की संख्या 99623 थी। 29 अप्रैल को पहली बार सक्रिय मरीजों की संख्या एक लाख के पार पहुंची थी। इन 13 दिनों में 1.46 लाख लोग ठीक हुए हैं। रिकवरी रेट भी बढ़कर 83.43% पहुंच गया है।
सीएम ने की अपील
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लोगों से, कोरोना के खिलाफ एकजुट होकर दृढ़ इच्छाशक्ति व सकारात्मक सोच के साथ मुकाबला करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन से कोरोना संक्रमण कम हो रहा है, रिकवरी रेट लगातार बढ़ रही है। हम सब मिलकर कोरोना को जरूर हराएंगे
पिछले 24 घंटे की स्थिति
- पिछले 24 घंटे में 9863 मरीज मिले
- 111740 सैंपल की जांच की गई है।
- 13 दिन: संक्रमण दर आधी
- 30 अप्रैल को संक्रमण दर 16.14 थी
- 12 मई को घटकर 8.82 प्रतिशत हो गई है
- राज्य में सक्रिय मरीजों की संख्या 99623