आधी आबादी का उत्थान ही समाज में चहुमुंखी विकास का परिचायक,ऊर्जा विभाग महिलाओं के कार्यक्षमता और प्रतिभा को प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर प्रदान कर रहा..संजीव हंस

PATNA : बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड के मुख्यालय में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बीएसपीएचसीएल और उसकी अनुषंगी कंपनियों में कार्यरत महिलाकर्मियों ने खासतौर पर शिरकत की। इस अवसर पर बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड (बीएसपीएचसील) के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक संजीव हंस, बिहार पावर डिस्ट्रिब्यूशन कंपनी के प्रबंध निदेशक महेंद्र कुमार और नार्थ बिहार पावर डिस्ट्रिब्यूशन कंपनी के प्रबंध निदेशक डॉ. आदित्य प्रकाश एवं वित्त विभाग की अपर सचिव अभिलाषा शर्मा विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहीं। साथ ही जीएम फाइनेंस बीएसपीएचसीएल संगीता प्रसाद  व डीजीएम, (पर्सनल) अजय कुमार मिश्रा भी मौजूद रहें। महिला दिवस के अवसर परबीएसपीएचसीएल मुख्यालय में कार्यरत महिलाकर्मियों की सुविधा के लिए एक शिशु सदन (क्रेच) का भी उद्घाटन किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित तमाम महिलाओं को संबोधित करते हुए संजीव हंस ने कहा कि कार्यस्थल या स्कूल में पहले देखा जाता था कि महिला और पुरुष अलग अलग बैठते थे। अब स्थिति बदल चुकी है। अब सभी सहकर्मी कार्य वितरण के अनुसार बैठते हैं। कार्यस्थल पर महिलाओं की भागीदारी निरंतर बढ़ रही है। उनके लिए माहौल को और बेहतर करते रहना है। यहां मिल रही तमाम सुविधाओं का महिलाओं को भरपूर लाभ लेना चाहिए। उनको स्वस्थ्य रखने के लिए खेलकूद और जिम की भी व्यवस्था की गई है। 

बिहार पावर डिस्ट्रिब्यूशन कंपनी के प्रबंध निदेशक महेंद्र कुमार ने कहा कि आधी आबादी को संपन्न किये बिना समाज का विकास संभव नहीं है। बदलाव घर से होनी चाहिए। कार्यस्थल पर ऐसे कार्यक्रम करने का उद्देश्य मानसिकता में बदलाव लाना है। नार्थ बिहार पावर डिस्ट्रिब्यूशन कंपनी के प्रबंध निदेशक डॉ. आदित्य प्रकाश ने कहा कि व्यापक विद्धुत सुधारों में महिलाओं की भागीदारी उत्साहजनक रही है। अपने कार्यों को वे बखूबी अंजाम दे रही हैं। उन्हें आवश्यक सुविधाएं भी प्रदान की जा रही हैं। वित्त विभाग की अपर सचिव अभिलाषा शर्मा ने कहा कि महिलाओं को एक साथ घर और कार्यस्थल पर कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। उन्हें बस इस बात का ख्याल रखना चाहिए कि चाहे कुछ भी हो उनके होठों पर मुस्कान बरकरार रहे। खुश होकर अपना काम करें।

कार्यक्रम के दौरान एक डोक्यूमेंट्री फिल्म के जरिये बीएसपीएचसीएल एवं उसकी अनुषंगी कंपनियां एनबीपीडीसीएल, एसबीपीडीसीएल, बीएसपीटीसीएल व बीएसपीसीसीएल में प्रबंधन, वितरण, आईटी, राजस्व, संचरण, डिस्ट्रीब्यूशन, सुरक्षा और सफाई के क्षेत्रों में महिलाकर्मियों द्वारा किये जा रहे शानदार कार्यों को बहुत ही प्रभावशाली तरीके से पेश किया गया। इस डोक्यूमेंट्री फिल्म की संजीव हंस ने बेहद तारीफ की। इस डोक्यूमेंट्री फिल्म में विस्तार से बताया गया कि कैसे सीएमडी संजीव हंस के नेतृत्व में महिलाओं को अपनी कार्यक्षमता और प्रतिभा को प्रदर्शित करने का भरपूर अवसर प्रदान करने के लिए एक बेहतर माहौल प्रदान किया जा रहा है। उनके लिए कई सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं जिसका देखरेख भी महिलाएं ही कर रही हैं। चाहे वह वीथिका हो जहां महिलाएं जा कर थोड़ा आराम कर सकती हैं, या फिर लाइब्रेरी जिसका पूरा प्रबंधन महिला ही देखती हैं। इसके साथ ही बीएसपीएचसीएल और इनकी अनुषंगी कंपनियों में कार्यरत महिलाओं की सुरक्षा का भी पूरा ख्याल रखा जा रहा है। कार्यस्थल पर उनके साथ किसी तरह की बदसलुकी न हो इसके लिए प्रिवेंशन ऑफ सेक्सुअल हरासमेंट कमेटी का गठन किया गया है। हर महीने इसकी मीटिंग होती है और महिलाओं के संदर्भ में किसी भी तरह की शिकायत आने पर तुरंत कार्रवाई की जाती है।