मोस्ट वांटेड कल्लू खां गिरफ्तार, रोहतास पुलिस ने ली राहत की सांस, पूछताछ में मिली कई अहम जानकारियां
मोस्ट वांटेड कल्लू खां की गिरफ्तारी से रोहतास पुलिस राहत की सांस ले रही है। रोहतास के मुफस्सिल इलाके से उसे गिरफ्तार किया गया है। उसके साथ गिरोह के तीन अन्य बदमाशों को भी पकड़ा गया है। चारों को थाना ले जाकर गहन पूछताछ की गयी जिसमें कई अहम जानकारियां मिली हैं। कई कांडों में वांछित कल्लू को पुलिस लंबे अर्से से तलाश रही थी।
रोहतास एसपी सत्यवीर सिंह ने बताया कि कल्लू खां न सिर्फ बिहार बल्कि झारखंड व यूपी में भी आपराधिक वारदातों को अंजाम देता है। वो सुपारी किलर के रूप में भी जाना जाता है। हाल ही में चार लोगों के हत्या मामले में पुलिस उसे तलाश रही थी। कई बार उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की गयी लेकिन हर बार वो पुलिस को चकमा देने में कामयाब हो जाता था। पहले कई बार वो पुलिस कस्टडी से भाग चुका है। इस बार एसपी सत्यवीर सिंह ने उसे पकड़ने के लिए एक स्पेशल टीम बनायी, जिसमें अलग-अलग थानों के जाबांज पुलिस अधिकारियों व जवानों को शामिल किया गया।
कई दिनों की मुखबिरी के बाद कल्लू खां व उसका एक साथी शाहिद खां पुलिस के हत्थे चढ़ा। पुलिस ने उनलोगों के पास से लूट की चार मोटरसाइकिलें, दो मोबाइल व अन्य सामान बरामद किए हैं। एसपी ने बताया कि लगभग 20 कांडों में कल्लू वांछित था। लगभग पूरे गिरोह का खुलासा हो गया है। गिरोह के तीन-चार फरार सदस्यों को भी जल्द ही पकड़ लिया जायेगा, ऐसा पुलिस का दावा है।