नालंदा पुलिस ने साइबर कैफे में की छापेमारी, फर्जी प्रमाण पत्र बनाने के आरोप में दो जालसाजों को किया गिरफ्तार

NALANDA : जिले के बिहार थाना क्षेत्र के कचहरी मोड़ के पास मंगलवार को पुलिस ने एक साइबर कैफे में छापेमारी की। इस मौके पर नकली प्रमाण पत्र बनाने के आरोप में संचालक समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। सदर डीएसपी डॉ. शिब्ली नोमानी ने बताया कि रहुई थाना क्षेत्र के भदवा गांव निवासी अरुण कुमार व रहुई निवासी धर्मेन्द्र कुमार को गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि अरुण बुक स्टॉल एवं साइबर कैफे में फर्जी प्रमाण पत्र बनाने की सूचना मिली। सूचना पर की गयी छापेमारी में बड़ी संख्या में प्रमाण पत्र व अन्य दस्तावेज बरामद किये गये।
छानबीन के क्रम में कई फर्जी प्रमाण पत्र मिले। कई दस्तावेजों की जांच की जा रही है। आरोपित के पास से एक मोबाइल मिला है। उसमें बहुत सारे प्रमाण पत्र के साक्ष्य मिले हैं। छापेमारी टीम में थानाध्यक्ष नीरज कुमार सिंह, पप्पू कुमार सिंह, कन्हैया कुमार, रौशन कुमार, नीलकमल आदि शामिल थे।
नालंदा से राज की रिपोर्ट