नीतीश कैबिनेट की मीटिंग खत्म, लिए गए कई महत्वपू्र्ण निर्णय, जानें.....

PATNA: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज कैबिनेट की मीटिंग बुलाई थी. मुख्य सचिवालय स्थित मंत्रिपरिषद कक्ष में आयोजित कैबिनेट की बैठक में सरकार ने कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं. कुल 36 एजेंडों पर मुहर लगी है.  PMCH में राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग नई दिल्ली के मानकों के अनुरूप कुल 4315 नये पद सृजित किए गए हैं. इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग और परिवहन विभाग में नौकरी देने का फ़ैसला किया गया है। 

हस्तकरघा एवं रेशम निदेशालय के पुनर्गठन की स्वीकृति दी गई है. निवेश आयुक्त मुंबई कार्यालय की स्थापना का वित्तीय वर्ष 2024-25 से योजना मद से गैर योजना मद में हस्तांतरण की स्वीकृति दी गई है. बिहार अवर सांख्यिकी संवर्ग संशोधन नियमावली 2024 के स्वीकृति दी गई है. प्रतिनियुक्ति के आधार पर मुख्यालय स्तर पर अपर निदेशक (खनिज विकास) के एक पद एवं उपनिदेशक (खनिज विकास) के एक पद पर नियुक्ति की स्वीकृति दी गई है. बालू की अवैध धुलाई एवं खनन से संबंधित सूचना देने पर सूचनादाता को पुरस्कार देने की योजना की स्वीकृति दी गई है. पाटलिपुत्र खेल परिसर कंकड़बाग के उत्तर में स्थित 1.6 एकड़ जमीन को आवास बोर्ड ने खेल विभाग को हस्तांतरित किया है. इसके लिए 48 करोड रुपए की स्वीकृति दी गई है. बिहार कर्मचारी राज्य बीमा योजना महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता भर्ती, प्रोन्नति एवं सेवा शर्त संवर्ग संशोधन नियमावली 2024 की स्वीकृति दी गई है.

सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के उद्देश्य से वाहनों की अधिकतम गति सीमा निर्धारित करने के लिए परिवहन विभाग को अधिकृत किए जाने तथा इसके लिए कमेटी गठित करने की अनुमति प्रदान की गई है. पर्यटकों की सुविधा के लिए मुख्यमंत्री होम स्टे एंड ब्रेकफास्ट प्रोत्साहन योजना-2024 के स्वीकृति दी गई है. प्रखंड विकास पदाधिकारियों को प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी के स्थान पर पंचायत समिति का कार्यपालक पदाधिकारी बनाया गया है. अब उनके सहयोग के लिए प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी को अतिरिक्त कार्यपालक पदाधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया है. साथ ही अतिरिक्त कार्यपालक पदाधिकारी को प्रशासनिक स्वीकृति की शक्तियां प्रत्यायोजित की गई है.

दनियावां पीएचसी के चिकित्सा प्रभारी डॉक्टर नौशाद अली को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है. कटिहार के अमदाबाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉक्टर गुप्ता सुषमा संजय को सेवा से बर्खास्त किया गया है. चेरिया बरियारपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉक्टर अकबर को सेवा से बर्खास्त किया गया है. ताराबाड़ी के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ संतोष कुमार को सेवा से बर्खास्त किया गया है . औरंगाबाद सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ संजय कुमार को लगातार अनुपस्थित रहने के आरोप में सेवा से बर्खास्त किया गया है.

सुपौल के निर्मली अनुमंडल में उपकारा निर्माण के लिए 39 करोड़ 43 लाख 35 हजार रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई . विधानमंडल के सदस्यों, सरकारी पदाधिकारी, कर्मियों के आश्रितों के चिकित्सा व्यय प्रतिपूर्ति के लिए आश्रितों की परिभाषा, उम्र सीमा के निर्धारण की स्वीकृति दी गई है . टंकक सहायक अवर निरीक्षक के सृजित 78 पदों को समपरिवर्तित कर उतने ही आशु सहायक अवर निरीक्षक के पद के सृजन की स्वीकृति दी गई है . परिवहन विभाग के विभिन्न कार्यालय में लिपिक संवर्ग के 102 पदों के सृजन की स्वीकृति दी गई है .