खनिज विकास पदाधिकारी भर्ती : 'वाटरमार्क' नहीं तो नौकरी नहीं! 24 मार्च को अंतिम अग्निपरीक्षा, विभाग का सख्त अल्टीमेटम

बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) द्वारा चयनित खनिज विकास पदाधिकारियों की नियुक्ति प्रक्रिया अब अपने अंतिम पड़ाव पर है। विभाग ने कड़ा रुख अपनाते हुए साफ कर दिया है कि 24 मार्च को होने वाले सत्यापन में चूक हुई, तो उम्मीदवारी सीधे रद्द कर दी जाएगी।

खनिज विकास पदाधिकारी भर्ती : 'वाटरमार्क' नहीं तो नौकरी नहीं!

Patna : बिहार के खान एवं भूतत्व विभाग में 'खनिज विकास पदाधिकारी' के पदों पर नियुक्ति का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए विभाग ने बेहद सख्त और निर्णायक निर्देश जारी किए हैं। विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि नियुक्ति पत्र पाने से पहले अभ्यर्थियों को अपनी प्रमाणिकता की 'अग्निपरीक्षा' से गुजरना होगा। 

24 मार्च: एक दिन, एक मौका

विभाग ने 14 अनुशंसित अभ्यर्थियों के लिए 24 मार्च 2026 की तारीख मुकर्रर की है। पटना के विकास भवन स्थित उद्योग विभाग के सभागार में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक 'बायोमैट्रिक' और 'सर्टिफिकेट वेरिफिकेशन' की प्रक्रिया चलेगी। विभाग ने दोटूक कहा है कि यदि अभ्यर्थी तय समय पर उपस्थित नहीं होते हैं, तो उनका अभ्यर्थित्व (Candidature) तुरंत रद्द कर दिया जाएगा। 

BPSC वाटरमार्क का 'पेंच': गलती की गुंजाइश नहीं

भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए विभाग ने कड़ा नियम लागू किया है। अभ्यर्थियों को आयोग (BPSC) की वेबसाइट से डाउनलोड किए गए वही प्रमाण पत्र लाने होंगे, जिन पर वाटरमार्क लगा हो। विभाग ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि बिना वाटरमार्क वाले दस्तावेजों पर कोई विचार नहीं किया जाएगा और ऐसे अभ्यर्थियों को काउंसलिंग से बाहर का रास्ता दिखा दिया जाएगा। 

दस्तावेजों की लंबी फेहरिस्त और सख्त हलफनामा

अभ्यर्थियों को केवल डिग्री ही नहीं, बल्कि चरित्र सत्यापन प्रपत्र, स्वास्थ्य प्रमाण पत्र और यहाँ तक कि दहेज न लेने-देने का स्वघोषणा पत्र भी मूल रूप में लाना अनिवार्य है। साथ ही, अनुमंडल पदाधिकारी या कार्यपालक दण्डाधिकारी से जारी वह शपथ पत्र भी देना होगा, जिसमें यह स्पष्ट हो कि अभ्यर्थी के खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है। गलत जानकारी पाए जाने पर सेवा की किसी भी अवधि में नौकरी समाप्त की जा सकती है। 

वेरिफिकेशन के तुरंत बाद मिलेगा नियुक्ति पत्र

विभाग की इस आक्रामकता के पीछे का उद्देश्य जल्द से जल्द रिक्त पदों को भरना है। अधिसूचना में यह भी साफ किया गया है कि जो अभ्यर्थी दस्तावेजों की जांच में सफल पाए जाएंगे, उन्हें उसी दिन औपबंधिक नियुक्ति पत्र (Provisional Appointment Letter) वितरित कर दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आधार कार्ड और उससे जुड़े मोबाइल नंबर के साथ ही केंद्र पर पहुंचें।