25 जून को भारत के लोकतंत्र पर लगे उस कलंक के पूरे हो रहे 50 वर्ष, पीएम मोदी ने कहा- जनता नहीं भूलेगी संविधान के साथ हुआ खिलवाड़

PATNA: 25 जून, 1975 को इंदिरा गांधी ने आपातकाल लगा था। भारत में आपातकाल लगने के 50 वर्ष कल पूरे हो जाएंगे। वहीं इसके पहले सोमवार यानी आज पीएम मोदी ने आपातकाल को लेकर विपक्ष पर बड़ा हमला बोला है। पीएम मोदी  ने कहा है कि 25 जून को भारत के लोकतंत्र पर लगे उस कलंक के 50 वर्ष पूरे हो गए हैं। पीएम मोदी ने कहा है कि भारत की पीढ़ी कभी इस कलंक को नहीं भूलेगी। 

दरअसल, अठारहवीं लोकसभा का पहला सत्र सोमवार से शुरू हो रहा है। आज सत्र के दौरान नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाई जाएगी। इसके बाद, 26 जून को लोकसभा अध्यक्ष का चुनाव होगा और 27 जून को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगी। मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल का यह पहला सत्र होगा। वहीं सत्र शुरु होने से पहले पीएम मोदी ने देशवासियों को संबोधित किया है। उन्होने कहा कि जनता ने हमारी नीयत और नीति पर मुहर लगाई है। हम सभी को साथ लेना चाहते हैं।

इस दौरान आपातकाल को याद कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि, "कल 25 जून है। 25 जून को भारत के लोकतंत्र पर लगे उस कलंक के 50 वर्ष पूरे हो रहे हैं। भारत की नई पीढ़ी कभी नहीं भूलेगी कि भारत के संविधान को पूरी तरह से नकार दिया गया था। संविधान के हर हिस्से की धज्जियां उड़ा दी गई थीं। देश को जेलखाना बना दिया गया था। लोकतंत्र को पूरी तरह दबा दिया गया था। अपने संविधान की रक्षा करते हुए, भारत के लोकतंत्र की, लोकतांत्रिक परंपराओं की रक्षा करते हुए, देशवासी संकल्प लेंगे कि भारत में दोबारा कोई ऐसा करने की हिम्मत न कर सके जो 50 साल पहले किया गया था। हम एक जीवंत लोकतंत्र का संकल्प लेंगे। हम भारत के संविधान के निर्देशों के अनुसार सामान्य मानवी के सपनों को पूरा करने का संकल्प लेंगे।"

उन्होंने कहा, "देश की जनता विपक्ष से अच्छे कदमों की अपेक्षा रखती है। मुझे उम्मीद है कि विपक्ष लोकतंत्र की गरिमा को बनाए रखने के लिए देश के आम नागरिकों की अपेक्षाओं पर खरा उतरेगा। लोग नाटक, उपद्रव नहीं चाहते। लोग नारे नहीं, सार्थकता चाहते हैं। देश को एक अच्छा विपक्ष चाहिए, एक जिम्मेदार विपक्ष चाहिए और मुझे पूरा विश्वास है कि इस 18वीं लोकसभा में जीतकर आए सांसद आम आदमी की इन अपेक्षाओं को पूरा करने का प्रयास करेंगे..."।

पीएम मोदी ने कहा कि, "देश की जनता ने हमें तीसरी बार मौका दिया है। ये बहुत बड़ी जीत है, भव्य जीत है। हमारी जिम्मेदारी तीन गुना बढ़ गई है... इसलिए मैं देशवासियों को भरोसा देता हूं कि अपने तीसरे कार्यकाल में हम तीन गुना मेहनत करेंगे और तीन गुना परिणाम प्राप्त करेंगे।"