भुलक्कड़ हैं प्रधानमंत्री मोदी! बिहार में आते ही भूल जाते हैं बेरोजगारी, महंगाई, गरीबी पर बात करना, परिवार पर सवाल उठाने के बाद लालू ने फिर किया हमला

PATNA : बिहार में जनविश्वास महारैली के दौरान प्रधानमंत्री मोदी को बिना परिवार वाला बताकर राजनीति में नया शिगुफा छेड़नेवाले लालू प्रसाद ने एक बार फिर से बड़ी बात कही है। लालू प्रसाद ने प्रधानमंत्री मोदी को ऐसा व्यक्ति बता दिया है जो बिहार आते ही सबकुछ भूल जाता है। उन्हें याद नहीं रहता कि बिहार में रोजगार, महंगाई और गरीबी पर भी बात करनी है। दशकों से एक ही रटी-रटाई बात दोहराते रहते हैं। 

लालू प्रसाद ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा कि 

"प्रधानमंत्री जी, जब-जब बिहार आते है तब-तब वो नौकरी, बेरोजगारी, महंगाई, गरीबी, विशेष राज्य का दर्जा इत्यादि पर बात करने में जी भर के शरमाते है।

टेलीप्रॉम्प्टर पर लिखी स्क्रिप्ट पढ़ने एवं दशकों से रटी-रटाई बातें दुहराने के क्रम में वो यह भी भूल जाते है कि BJP 10 साल से केंद्र में तथा 15 साल से बिहार में सत्ता में है।"

बता दें कि आज पीएम मोदी बेतिया में थे। जहां एक बार फिर उन्होंने बिहार में लालू राबड़ी के शासन के दौरान जंगलराज की बात दोहराई। उन्होंने कहा था कि इस जंगलराज में सिर्फ एक परिवार का ही विकास हुआ है वह लालू परिवार  का। इस दौरान पीएम ने बिहार के पिछड़ने के लिए लालू काल के शासन को जिम्मेदार बता दिया। साथ ही उन्होंने मौजूदा डबल इंजन की सरकार में बिहार में विकास को गति मिलने की बात कही।