रालोजद प्रमुख उपेन्द्र कुशवाहा ने ललन सिंह पर कसा तंज, कहा जदयू से अधिक राजद के लिए काम कर रहे हैं

AURANAGABAD : लोकसभा चुनाव के पहले बिहार में सियासी बयानबाजी का दौर तेज हो गया है। कभी सीएम नीतीश के साथ रहकर बीजेपी पर हमला बोलने वाले उपेन्द्र कुशवाहा अब जदयू पर हमलावर हैं। इस बार उन्होंने जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह को निशाने पर लिया है। कुशवाहा ने कहा की ललन सिंह अब राजद के लिए काम कर रहे हैं।

कुशवाहा ने आरोप लगाया है कि ललन सिंह अब जदयू के कम और राजद के आदमी ज्यादा हैं। जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष अब राजद की ही भाषा बोल रहे हैं। आने वाले वक्त में साफ हो जाएगा की ललन सिंह राजद के हो गए हैं। राष्ट्रीय लोक जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुशवाहा आज औरंगाबाद के कंकेर पंचायत के पूर्व  पैक्स अध्यक्ष उदय सिंह के यहाँ आए पत्रकारों से बातचीत की। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बिहार आने पर जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने बयान दिया था कि हिम्मत है तो अमित शाह मुंगेर से चुनाव लड़कर दिखा दें। इस पर कुशवाहा ने कहा कि ललन सिंह अब राजद की भाषा बोल रहे हैं।

कुशवाहा ने इस दौरान सीएम नीतीश कुमार पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार की शिक्षा व्यवस्था को सीएम नीतीश कुमार गर्त में ले जा चुके हैं। अब देशभर के अभ्यर्थी बिहार में शिक्षक बनेंगे। इससे यह स्पष्ट होता है कि सीएम 18 सालों में यहां के युवाओं को शिक्षक बनने के योग्य भी नहीं बना सके।

उपेन्द्र कुशवाहा से जब पूछा गया कि वो 2024 में लोकसभा का चुनाव कहां से लड़ेंगे तो उन्होंने कहा कि यह पार्टी तय करेगी।. फिलहाल पार्टी को मजबूत किया जा रहा है। चुनाव की भी तैयारी की जा रही है। हमारी पार्टी किस के साथ गठबंधन करेगी। वक्त आने पर सब क्लीयर हो जाएगा।

औरंगाबाद से दीनानाथ मौआर की रिपोर्ट