भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे को सुसाइड करने के लिए मजबूर करनेवाले सिंगर समर सिंह गिरफ्तार, जारी हुआ था वारंट

VARANASI : दस दिन पहले भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी बनाए गए सिंगर समर सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनकी गिरफ्तारी गाजियाबाद के नंदग्राम थाना क्षेत्र से बीती रात गई। आकांक्षा दुबे की मौत के मामले में नाम सामने आने के बाद से ही समर सिंह पुलिस की नजरों से बचता फिर रहा था। 

समर सिंह की गिरफ्तारी को लेकर  गाजियाबाद पुलिस के DCP निपुण अग्रवाल ने बताया कि उसे चार्म्स क्रिस्टल सोसायटी राजनगर एक्सटेंशन से पकड़ा गया। समर सिंह को गिरफ्तार करने के लिए बनाई गई टीम में शामिल आशापुर चौकी इंचार्ज अखिलेश वर्मा के अनुसार थाना नंदग्राम इलाके में आता है।  इससे पहले वह नोएडा में रह रहा था। 4 दिन पहले यहां आया था।  

वाराणसी पुलिस को सौंपा जाएगा

उन्होंने कहा कि समर सिंह को पहले पुलिस द्वारा गाजियाबाद कोर्ट में पेश किया जाएगा उसके बाद वाराणसी पुलिस को सौंप दिया जाएगा। अभी समर सिंह को गाजियाबाद के नंद ग्राम थाने में रखा हुआ है। DCP निपुण अग्रवाल ने बताया कि गाजियाबाद की चार्म्स क्रिस्टल सोसाइटी से कुल 3 लोग उठाए गए थे। इसमें समर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी 2 लोग पूछताछ के बाद छोड़ दिए हैं।  

जारी किया गया गैर जमानती वारंट

बता दें कि भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपी गायक समर सिंह और संजय सिंह के खिलाफ अदालत ने गुरुवार को गैर जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) जारी किया था। दोनों आरोपियों के खिलाफ कुर्की का वारंट प्राप्त करने के लिए अदालत में कमिश्नरेट की पुलिस की ओर से प्रार्थना पत्र दिया गया था। जिसमें आरोपी गायक समर सिंह का गिरफ्तार कर लिया गया है वहीं पुलिस दूसरे आरोपी संजय सिंह की तलाश में जुटी है।  

 भोजपुरी फिल्म अभिनेत्री आकांक्षा दुबे का शव सारनाथ के एक होटल में पंखे के सहारे लटकते हुए गत 26 मार्च को मिला था। इस मामले में मृतक अभिनेत्री की मां मधु की तहरीर पर पुलिस ने आजमगढ़ निवासी समर सिंह व संजय सिंह के खिलाफ धारा 306 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया था।

दोनों आरोपी शुरू से ही फरार चल रहे हैं, जिसमें से अब समर को पकड़ लिया गया। इनको पकड़ने के लिए तीन टीमें गठित की गई थी।