इंडिगो की फ्लाइट की उड़ान भरने से पहले हुआ हादसा, बोर्डिंग गेट पर ही पायलट की मौत, सिर्फ 40 साल थी उम्र

DESK : देश के सबसे बड़ी विमान सेवा प्रदान करनेवाली कंपनी इंडिगो के साथ फिर एक हादसा हो गया है। बीते गुरूवार को प्लेन के उड़ान भरने से कुछ मिनट पहले पायलट की तबीयत खराब हो गई और वह बोर्डिंग गेट पर ही गिर गए। जब तक उन्हें अस्पताल पहुंचाया जाता उससे पहले ही मौत हो गई। मृतक पायलट की पहचान कैप्टन मनोज सुब्रमण्यम है। उसकी उम्र सिर्फ 40 साल बताई गई है। भारत में दो दिनों में किसी पायलट की मौत की यह दूसरी घटना है

हादसा नागपुर में हुआ। प्लेन नागपुर से पुणे के लिए उड़ान भरने वाली थी।इस संबंध में इंडिगो के प्रवक्ता ने कहा, 'नागपुर में हमारे एक पायलट के निधन पर हमें दु:ख है. नागपुर हवाई अड्डे पर उनकी तबीयत खराब हो गई और उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां दुर्भाग्यवश उनका निधन हो गया. हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उनके परिवार और प्रियजनों के साथ हैं।

डीजीसीए ने भी जारी किया बयान

मामले में नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) के अनुसार पायलट ने भी बयान जारी करते हुए बताया कि बुधवार को सुबह 3 बजे से 7 बजे के बीच त्रिवेन्द्रम-पुणे-नागपुर सेक्टरों में दो उड़ानें संचालित की थीं. वहीं पायलट के रोस्टर से पता चलता है कि गुरुवार को ड्यूटी पर रिपोर्ट करने से पहले उसे कई क्षेत्रों में काम करने के अलावा 27 घंटे का आराम मिला। 

वहीं इंडिगो एयरलाइन ने कहा है कि उक्त पायलट ने बुधवार को दो सेक्टरों त्रिवेन्द्रम-पुणे-नागपुर में परिचालन किया, जो सुबह जल्दी (लगभग 3 बजे से 7 बजे के बीच) थे. इसके बाद 27 घंटे का विश्राम किया गया और गुरुवार दोपहर 1 बजे प्रस्थान के साथ 04 सेक्टरों के लिए निर्धारित किया गया था, जिसमें नागपुर से प्रस्थान उनका पहला सेक्टर था।

बुधवार को कतर एयरवेज के पायलट की हुई थी मौत

 बता दें कि भारत में दो दिनों में किसी पायलट की मौत की यह दूसरी घटना है. इससे पहले कतर एयरवेज का एक अनुभवी पायलट बुधवार को एक यात्री के रूप में दिल्ली से दोहा जा रहा था. रास्‍ते में गंभीर रूप से बीमार पड़ने से उसकी मृत्यु हो गई. इसके बाद उड़ान क्यूआर 579 को बीच रास्‍ते से दुबई के लिए डायवर्ट किया गया था