Bihar Surveillance Raid: धनकुबेर निकला कार्यपालक अभियंता ! पटना से दरभंगा तक निगरानी की छापेमारी, आय से 90% अधिक संपत्ति देख जांच टीम के उड़े होश
Bihar Surveillance Raid:
Bihar Surveillance Raid: बिहार में निगरानी विभाग की कार्रवाई तेजी से जारी है। निगरानी एक के बाद एक भ्रष्ट अधिकारियों पर कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में निगरानी विभाग ने दरभंगा से ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता बालेश्वर राम पर बड़ी कार्रवाई की है। निगरानी अन्वेषण ब्यूरों की टीम ने यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति मामले में की है। कार्यपालक अभियंता के पास आय से 90 प्रतिशत अधिक संपत्ति है।
निगरानी की टीम ने कार्यपालक अभियंता को हिरासत में ले लिया है। उन्हें दरभंगा स्थित उनके कार्यालय से पकड़ा गया। गिरफ्तारी के बाद पहले उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया, फिर टीम उन्हें अपने साथ पटना ले गई। निगरानी ने पटना और दरभंगा में छापेमारी की। जानकारी के मुताबिक बालेश्वर राम पर पटना, दरभंगा समेत अन्य जिलों में 90 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। यह संपत्ति उनकी ज्ञात आय के अनुपात से ज्यादा बताई जा रही है। इसी आधार पर निगरानी विभाग ने उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू की।
निगरानी की आठ सदस्यीय टीम रात में दरभंगा के लहेरियासराय पहुंची और केएम टैंक क्षेत्र के विद्यापति नगर स्थित कुंवर निवास में छापेमारी की। इसके अलावा पंडसराय स्थित उनके एक अन्य आवास पर भी दबिश दी गई। छापेमारी के दौरान बैंक खातों, निवेश और संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की जांच की गई और कई महत्वपूर्ण कागजात जब्त किए गए।
कार्रवाई के तहत टीम ने उनके कार्यालय में भी फाइलों, दस्तावेजों और रिकॉर्ड को खंगाला। बताया जा रहा है कि कई अहम दस्तावेज जांच के लिए अपने कब्जे में लिए गए हैं। निगरानी ने कार्रवाई से पहले दरभंगा जिले के बिरौल स्थित ग्रामीण कार्य प्रमंडल कार्यालय में भी छापा मारा। उस समय बालेश्वर राम कार्यालय में मौजूद थे, जहां से उन्हें हिरासत में लिया गया। इसके बाद आगे की पूछताछ के लिए उन्हें पटना ले जाया गया।