ईंट भट्ठे में दीवार धंसने से हुए हादसे में मरने वालों की संख्या चार पहुंची, सभी महिलाएं

PATNA : पटना के मनेर में एक ईंट भट्ठे की दीवार गिरने से हुए हादसे में मरनेवालों की संख्या चार पहुंच गई है। बताया गया कि हादसे में जिन लोगों ने जान गंवाई है, वह सभी महिलाएं थी। वहीं चार लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।  

हादसा मनेर थाना क्षेत्र के दरवेशपुर गांव में लक्की ईट भट्ठे में हुआ। दीवार अचानक गिरने से काम कर रहे 4 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मरने वाली महिला मजदूरों में तीन झारखंड के गुमला की रहनेवाली हैं।

घटना की पुष्टि मनेर थानाध्यक्ष ने की है। घटना के बाद से इलाके में अफरा तफरी का माहौल हो गया। ग्रामीणों ने घायल मजदूरों को इलाज के लिए लोक नारायण जयप्रकाश हॉस्पिटल में भर्ती कराया। कुछ को निजी अस्पताल में एडमिट कराया गया। जहां कुछ लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। वहां काम कर रहे मजदूर ने बताया कि काम के दौरान ईंट हटाने पर अचानक दीवार पलट गई। जिससे वहां काम कर रहे मजदूर उसमें दब गए। मजदूर ने 8-10 लोगों के घायल होने की बात कही।