गया में शव बरामद करने गयी पुलिस पर ग्रामीणों ने किया पथराव, पांच पुलिसकर्मी हुए जख्मी, अस्पताल में चल रहा है इलाज

GAYA : जिले के फतेहपुर थाना इलाके के गजहंडा गांव में पुलिस पर पथराव का मामला प्रकाश में आया है। मिली जानकारी के अनुसार बीते रात एक महिला की कुआं में गिरने से मौत हो गई थी। मृतक महिला का पति बाहर रहता था। जब आज उसका पति वापस आया और बॉडी को दाह संस्कार के लिए श्मशान ले जाया गया। 

उसी बीच फतेहपुर थाना की पुलिस को सूचना मिली की एक महिला की हत्या कर गुप्त रूप से दाह संस्कार करने की तैयारी चल रही है। मौके पर फतेहपुर थाना की पुलिस अपने दलबल के साथ गजझंडा श्मशान स्थल पर पहुंच कर बॉडी को पोस्टमार्टम कराने का आदेश दिया। वही गांव के कुछ शरारती युवकों ने पोस्टमार्टम नहीं कराने की बात कही। लेकिन पुलिस ने जबरन करने की कोशिश की। उसी दौरान पुलिस पर शरारती तत्वों ने पथराव कर दिया। 

इसी दौरान ग्रामीणों ने लाठी और डंडे लेकर पुलिस को गांव के बाहर खदेड़ दिया। इस घटना में पांच पुलिसकर्मी  घायल हो गए है। घायल सभी पुलिसकर्मियों को फतेहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में उपचार कराया गया है। घायल पुलिसकर्मियों में एसआई मुन्ना कुमार, एएसआई चंदेश्वर प्रसाद,हवलदार विजय किशोर राय,सिपाही अशोक कुमार,और विजय कुमार शामिल है।

इस मामले में वजीरगंज एसडीपीओ सुनील कुमार पांडे ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा पुलिस पर किए गए हमला मामले में आरोपियों की शिनाख्त की जा रही है। उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है। किसी भी हमलावर को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की दबिश जारी है।

गया से संतोष की रिपोर्ट