बिहार के होनहारों का कमाल! दक्षिण कोरिया में तिरंगा लहराएंगे भवानी और रिया, CM सम्राट चौधरी ने दी बड़ी मदद
मुख्यमंत्री ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि गोपालगंज की प्रतिभाशाली खिलाड़ी भवानी सिंह और रिया सिंह का विश्व ताइक्वांडो पूमसे चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए चयन होना बिहार और देश के लिए गर्व का विषय है
Bihar News : बिहार के दो युवा ताइक्वांडो खिलाड़ियों भवानी सिंह और रिया सिंह ने अपनी मेहनत और संघर्ष के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। गोपालगंज जिले के बरौली प्रखंड की रहने वाली दोनों खिलाड़ियों का चयन दक्षिण कोरिया में होने वाली World Taekwondo Poomsae Championship 2026 के लिए भारतीय टीम में हुआ है। दोनों खिलाड़ी 16 से 20 सितंबर तक दक्षिण कोरिया के चुनचॉन में आयोजित विश्व प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
इस उपलब्धि के बाद दोनों खिलाड़ियों के सामने दक्षिण कोरिया जाने और प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए यात्रा समेत अन्य खर्च जुटाने की चुनौती थी। आर्थिक परेशानी को देखते हुए दोनों ने मुख्यमंत्री से सहायता का आग्रह किया था। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उनके आग्रह को स्वीकार करते हुए दोनों खिलाड़ियों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि गोपालगंज की प्रतिभाशाली खिलाड़ी भवानी सिंह और रिया सिंह का विश्व ताइक्वांडो पूमसे चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए चयन होना बिहार और देश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने और देश व बिहार का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं।
राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर बनाई जगह
रतनसराय निवासी भवानी सिंह ताइक्वांडो फ्रीस्टाइल पूमसे के खिलाड़ी हैं। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की चार प्रतियोगिताओं में पदक हासिल किए हैं। लगातार बेहतर प्रदर्शन के बाद उन्हें भारतीय टीम में जगह मिली है। खेल के साथ भवानी ताइक्वांडो प्रशिक्षण और संगठनात्मक गतिविधियों से भी जुड़े हैं। वर्ष 2025 में उन्हें गोपालगंज ताइक्वांडो संघ का संयुक्त सचिव और रेफरी चेयरमैन बनाया गया था।
पिता के निधन के बाद भी रिया ने जारी रखा संघर्ष
रामपुर सदौवां की रिया सिंह की कहानी भी संघर्ष और हौसले की मिसाल है। रिया ने ताइक्वांडो में कई पदक हासिल किए हैं और बेहतर प्रदर्शन के लिए उन्हें बिहार राज्य खेल सम्मान भी मिल चुका है। राष्ट्रीय स्तर पर लगातार अच्छे प्रदर्शन के बाद उनका चयन भारतीय टीम में हुआ है। रिया के पिता स्व. उपेंद्र सिंह के निधन के बाद भी उनकी मां कुमारी प्रियंका और बहन ने उनका हौसला बनाए रखा। परिवार के सहयोग और अपनी मेहनत के दम पर रिया ने खेल का सफर जारी रखा और अब विश्व चैंपियनशिप तक पहुंची हैं।
अब मुख्यमंत्री से मिली आर्थिक सहायता के बाद दोनों खिलाड़ियों के लिए दक्षिण कोरिया जाकर विश्व मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने की राह आसान हुई है। बिहार को उम्मीद है कि भवानी सिंह और रिया सिंह अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करेंगी।