आईपीएल में बिहार की उम्मीदों को लगा बड़ा झटका, यह स्टार खिलाड़ी टूर्नामेंट से हुआ बाहर

कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लिए आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले ही तेज गेंदबाजी का संकट गहरा गया है। आकाश दीप के चोटिल होकर बाहर होने से टीम के गेंदबाजी आक्रमण को बड़ा झटका लगा है।

N4N Desk -  कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। भारत के तेज गेंदबाज आकाश दीप चोट के कारण आईपीएल 2026 के पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं। केकेआर के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इस खबर की पुष्टि की है। बता दें कि पिछले साल अबू धाबी में हुए मिनी ऑक्शन में केकेआर ने आकाश दीप को उनके 1 करोड़ रुपये के बेस प्राइस पर अपनी टीम में शामिल किया था, लेकिन अब टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही वे टीम से छिटक गए हैं।

सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में चल रहा है रिहैब 

29 वर्षीय आकाश दीप ने अभी तक कोलकाता में 18 मार्च से चल रहे ट्रेनिंग कैंप में रिपोर्ट नहीं किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह फिलहाल बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में अपनी चोट से उबरने के लिए रिहैब प्रक्रिया से गुजर रहे हैं। हालांकि चोट की गंभीरता और प्रकृति अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है, लेकिन CoE के मैनेजर ने फ्रेंचाइजी को उनकी मेडिकल स्थिति की विस्तृत जानकारी दे दी है। आकाश ने अपना आखिरी प्रतिस्पर्धी मैच पिछले महीने रणजी ट्रॉफी सेमीफाइनल में जम्मू-कश्मीर के खिलाफ खेला था।

चोटों से रहा है पुराना नाता 

आकाश दीप का क्रिकेट करियर चोटों के कारण लगातार बाधित होता रहा है। साल 2022 में आईपीएल डेब्यू करने के बाद से चार सीजन में वे केवल 14 मैच ही खेल पाए हैं, जिसमें उनके नाम 10 विकेट दर्ज हैं। दिलचस्प बात यह है कि साल 2025 की नीलामी में लखनऊ सुपर जायंट्स ने उन्हें 8 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि में खरीदा था, लेकिन खराब प्रदर्शन (6 मैचों में 3 विकेट) के कारण उन्हें रिलीज कर दिया गया था। अब केकेआर के साथ उनका नया सफर शुरू होने से पहले ही थम गया है।

तीन बार की चैंपियन के सामने गेंदबाजी का अकाल 

आकाश दीप का बाहर होना केकेआर के लिए दोहरा झटका है, क्योंकि टीम पहले से ही हर्षित राणा की चोट से परेशान है। इसके अलावा, श्रीलंका के मथीशा पथिराना को अभी तक अपने बोर्ड से मेडिकल क्लीयरेंस नहीं मिला है, जिससे शुरुआती मैचों में उनके खेलने पर सस्पेंस बना हुआ है। मुस्तफिजुर रहमान की जगह टीम पहले ही ब्लेसिंग मुजराबानी को शामिल कर चुकी है, लेकिन भारतीय तेज गेंदबाजों की कमी टीम को खल सकती है।

वैभव अरोड़ा और उमरान मलिक पर बड़ी जिम्मेदारी 

आकाश दीप के बाहर होने के बाद अब केकेआर की तेज गेंदबाजी का मुख्य भार वैभव अरोड़ा के कंधों पर होगा, जो पिछले सीजन में टीम के सफल गेंदबाज रहे थे। टीम मैनेजमेंट को उम्मीद है कि उमरान मलिक अपनी रफ्तार से और कार्तिक त्यागी अपनी धार से आकाश की कमी को पूरा करेंगे। अब देखना यह होगा कि केकेआर आकाश दीप के विकल्प के रूप में किस खिलाड़ी को अपनी टीम में शामिल करती है।