UP DESK : बरेली में झुमका गिरा नहीं...लूटा, पुलिस ने आरोपी का किया हाफ एनकाउंटर, तमंचा और चोरी के गहने किया बरामद
UP DESK : उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में एक महिला का झुमका लूटने वाले आरोपी को पुलिस ने सोमवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया......पढ़िए आगे
UP DESK : उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में पुलिस ने एक महिला का झुमका लूटने वाले शातिर बदमाश को सोमवार सुबह मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। आरोपी के पास से अवैध हथियार, कारतूस, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और लूटा गया झुमका बरामद किया गया है।
घटना का विवरण
कैंट थाना क्षेत्र के कमालपुर पालपुर गांव निवासी सुनील ने 1 नवंबर को फरीदपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 30 अक्टूबर को वह अपनी पत्नी ईशु के साथ मोटरसाइकिल से अपने ससुराल जा रहे थे। शाम करीब 5 बजे, दशमेश ढाबा के पास एक अज्ञात बाइक सवार उनकी पत्नी के कान से झुमका छीनकर फरार हो गया था। इस मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2) के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की थी।
यक्ष ऐप और तकनीक से हुई पहचान
पुलिस जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगाली गईं और 'यक्ष ऐप' में उपलब्ध 'फाइंड क्रिमिनल्स' व 'फेस सर्च' तकनीक की मदद से आरोपी की पहचान बकैनिया गांव निवासी देवराज (पुत्र श्याम बिहारी/श्याम सिंह) के रूप में हुई। इसके अलावा, बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल की चेसिस नंबर की जांच ई-चालान ऐप के जरिए की गई, जिससे पुष्टि हुई कि यही वाहन वारदात में इस्तेमाल हुआ था।
मुठभेड़ की पूरी कहानी
सोमवार सुबह एसओजी और फरीदपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी फरीदपुर टोल प्लाजा के पास किसी अन्य घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। इस पर पुलिस टीमों ने मोहनपुर गांव के पास कच्चे नहर मार्ग पर चेकिंग शुरू की। सुबह करीब 7:30 बजे एक संदिग्ध बाइक सवार को आता देख पुलिस ने उसे रोकने का इशारा किया, लेकिन उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे तुरंत इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
बरामदगी और आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार अपराधी के पास से पुलिस ने एक अवैध .32 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और लूटा गया पीली धातु का झुमका बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, 28 वर्षीय आरोपी देवराज के खिलाफ बरेली जिले में पहले से ही आठ गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।