Ayodhya Ram Mandir: अयोध्या राम मंदिर में 5 जून को राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा, चंपत राय ने कहा वही लोग अयोध्या आएं..
अयोध्या: श्रीराम मंदिर में राजा राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन होने जा रहा है। इसको लेकर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि 3, 4 और 5 जून को प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम में किसी को आमंत्रित नहीं किया गया है, इसलिए कोई भी सिर्फ "प्राण प्रतिष्ठा" शब्द सुनकर अयोध्या न पहुंचे।
सिर्फ दर्शन के इच्छुक श्रद्धालु ही आएं
चंपत राय ने अपील की है कि जो भी लोग सिर्फ राम लला के दर्शन के लिए आना चाहते हैं, वही अयोध्या आएं। मौसम भी अनुकूल नहीं है और सुरक्षा एवं व्यवस्था के लिहाज़ से सीमित उपस्थिति ही उचित है।
श्रद्धालु अभी दर्शन नहीं कर सकेंगे राम दरबार और परकोटे के मंदिरों का
ट्रस्ट महासचिव ने बताया कि राम दरबार और परकोटे में बनाए गए अन्य मंदिरों का दर्शन श्रद्धालु कुछ महीनों बाद ही कर पाएंगे। मंदिर निर्माण अभी पूर्ण रूप से संपन्न नहीं हुआ है और कई तकनीकी कार्य बाकी हैं।
5 जून को होगा राम दरबार और परकोटे के मंदिरों का प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान
प्रण-प्रतिष्ठा के तहत, 5 जून को राम दरबार और परकोटे में बने मंदिरों की विधिवत पूजा और स्थापना की जाएगी। इसके पहले चरण में 2 जून, शाम 4 बजे सरयू तट से जल कलश यात्रा निकाली जाएगी। 3 जून, सुबह 6:30 बजे से विशेष वैदिक अनुष्ठान शुरू होंगे।
राम मंदिर का शिखर स्वर्णजड़ित, तस्वीरें हुईं जारी
राम मंदिर ट्रस्ट ने मंदिर के शिखर की पहली खूबसूरत तस्वीर भी जारी की है। यह शिखर 161 फीट ऊंचा है और इसकी भव्यता अब पूरी तरह सामने आ चुकी है। स्वर्ण जड़ित शिखर मंदिर को एक दिव्य, अलौकिक स्वरूप प्रदान करता है। चंपत राय ने दावा किया कि उत्तर भारत में ऐसा स्वार्णिम मंदिर और कहीं नहीं है।
भगवान श्रीराम का स्थान और राम दरबार का दृश्य
भूतल पर भगवान श्रीरामलला 5 वर्षीय बालक रूप में विराजमान हैं। प्रथम तल पर राजा राम दरबार की स्थापना की गई है. श्रीराम और माता सीता सिंहासन पर विराजमान हैं। लक्ष्मण और हनुमान प्रभु श्रीराम के चरणों में हाथ जोड़कर बैठे हैं। भरत और शत्रुघ्न सिंहासन के दोनों ओर खड़े हुए हैं।