बिहार के राज्यपाल जाएंगे ईरान, मुसलमानों के सबसे बड़े नेता के लिए यह काम करेंगे लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन
ईरान के सर्वोच्च नेता रहे खामेनेई ने 1979 की इस्लामी क्रांति के जनक अयातुल्ला रुहोल्लाह खुमैनी के उत्तराधिकारी के रूप में देश का नेतृत्व किया था। अब उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने भारत से बिहार के राज्यपाल जाएंगे.
Bihar Governor: बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन ईरान जाएंगे। ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के राजकीय अंतिम संस्कार में भारत की ओर से एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल शामिल होगा। इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन और विदेश राज्य मंत्री पवित्र मार्गेरिटा करेंगे। विदेश मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ यह प्रतिनिधिमंडल अगले महीने ईरान जाकर अंतिम संस्कार समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व करेगा।
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन नई दिल्ली स्थित ईरानी दूतावास के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए औपचारिक निमंत्रण भेजा था। हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी अपने पूर्व निर्धारित विदेश दौरे के कारण तेहरान नहीं जाएंगे। उनके आगामी कार्यक्रम में इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की आधिकारिक यात्राएं शामिल हैं। इससे पहले वर्ष 2024 में, जब ईरान के तत्कालीन राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी और विदेश मंत्री हुसैन अमीर-अब्दुल्लाहियान की हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी, तब भारत की ओर से तत्कालीन उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने तेहरान जाकर श्रद्धांजलि अर्पित की थी।
कई देशों के नेताओं को भेजा गया निमंत्रण
ईरान ने इस राजकीय अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए चीन, रूस, कतर, फ्रांस और पाकिस्तान समेत कई देशों के शीर्ष नेताओं को भी आमंत्रित किया है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने पुष्टि की है कि इस्लामाबाद की ओर से भी एक आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल अंतिम संस्कार में शामिल होगा।
4 से 9 जुलाई तक चलेगा अंतिम संस्कार कार्यक्रम
86 वर्षीय अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत तेहरान में अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हवाई हमले में हुई थी। वर्ष 1989 से ईरान के सर्वोच्च नेता रहे खामेनेई ने 1979 की इस्लामी क्रांति के जनक अयातुल्ला रुहोल्लाह खुमैनी के उत्तराधिकारी के रूप में देश का नेतृत्व किया था। ईरानी प्रशासन को उम्मीद है कि अंतिम विदाई में लाखों लोग शामिल होंगे। अंतिम संस्कार कार्यक्रम 4 जुलाई से 9 जुलाई तक विभिन्न चरणों में आयोजित किया जाएगा।
4 और 5 जुलाई को खामेनेई के पार्थिव शरीर को तेहरान के ग्रैंड मोसल्ला परिसर में आम लोगों के अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। इस दौरान तेहरान प्रांत में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। 6 जुलाई को राजधानी तेहरान में राजकीय अंतिम यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद 9 जुलाई को उन्हें उनके गृह नगर मशहद में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा, जो शिया मुस्लिमों के सबसे पवित्र शहरों में से एक माना जाता है। यह अंतिम संस्कार पहले मार्च में प्रस्तावित था, लेकिन उस समय जारी सैन्य संघर्ष के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था।