पटना में संदिग्ध हालत में मिला किसान का शव ,परिजनों ने जताई हत्या की आशंका,FSL टीम जांच में जुटी

पटना जिले के पालीगंज अनुमंडल अंतर्गत पियरपुरा गांव में 61 वर्षीय किसान चंद्र विजय सिंह का शव संदिग्ध परिस्थिति में खेत से मिला है। पुलिस और FSL टीम मामले की जांच कर रही है, जबकि पास में दो बिजली के पोल गिरे मिले हैं।

Patna paliganj farmer death body found
पटना के पालीगंज के खेत में मिला 61 वर्षीय किसान का शव- फोटो : Reporter

पटना जिले के पालीगंज अनुमंडल अंतर्गत पियरपुरा थाना क्षेत्र के पियरपुरा गांव में शनिवार को एक किसान का शव संदिग्ध परिस्थिति में खेत से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान पियरपुरा गांव निवासी 61 वर्षीय चंद्र विजय सिंह के रूप में हुई है। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई और मृतक के घर में कोहराम मच गया।


शुक्रवार शाम शौच के लिए निकले थे, नहीं लौटे घर


परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, चंद्र विजय सिंह शुक्रवार की शाम घर से शौच के लिए बाहर निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। शनिवार सुबह जब ग्रामीण खेत की ओर गए, तो घर के पीछे स्थित खेत में उनका शव पड़ा देखा और इसकी सूचना परिजनों को दी। हालांकि प्रारंभिक जांच में शरीर पर किसी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं दिखे हैं, फिर भी परिजनों ने किसी अनहोनी व हत्या की आशंका जताई है।



मौके पर गिरे मिले बिजली के दो पोल, करंट लगने की भी आशंका



घटना की सूचना मिलते ही पियरपुरा थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए साक्ष्य संकलन के लिए एफएसएल (FSL) टीम को बुलाया गया। पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल के पास ही बिजली के दो पोल भी गिरे हुए पाए गए हैं। ऐसे में पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि कहीं किसान की मौत गिरे हुए बिजली के तार की चपेट में आने से तो नहीं हुई है।



पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज: थाना प्रभारी


पियरपुरा थाना प्रभारी पूजा राठी ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है और एफएसएल टीम की मदद से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि फिलहाल मौत के सही कारणों और समय की पुष्टि नहीं हो सकी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है और रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह मामला हत्या का है या कोई हादसा।

पालीगंज से ऋषिकेश की रिपोर्ट