अरविंद केजरीवाल नहीं जाएंगे राज्यसभा, आप ने उद्योगपति राजिंदर गुप्ता को बनाया उम्मीदवार, दिहाड़ी मजदूर से बने हैं बिजनेस टाइकून
राज्य सभा चुनाव को लेकर आप ने बड़ा दांव खेलते हुए राजिंदर गुप्ता को उम्मीदवार बनाया है. वहीं अरविंद केजरीवाल के उपरी सदन जाने की अटकलों पर विराम लग गया है.

Arvind Kejriwal : अरविंद केजरीवाल को राज्यसभा भेजे जाने की अटकलों पर आखिरकार विराम लग गया है। आम आदमी पार्टी (AAP) ने पंजाब से राज्यसभा की एक सीट के उपचुनाव के लिए अपने उम्मीदवार के तौर पर उद्योगपति राजिंदर गुप्ता के नाम की घोषणा कर दी है। पार्टी की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी ने सर्वसम्मति से उनके नाम पर मुहर लगाई है।
पंजाब से राज्यसभा की यह सीट 24 अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव में भरी जाएगी। यह सीट संजेव अरोड़ा के लुधियाना वेस्ट विधानसभा उपचुनाव जीतने के बाद खाली हुई थी। जब अरोड़ा को विधानसभा का उम्मीदवार बनाया गया था, तभी से यह चर्चा थी कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल राज्यसभा जा सकते हैं, लेकिन अब उन अटकलों को पूरी तरह खत्म कर दिया गया है।
राजिंदर गुप्ता फिलहाल पंजाब प्लानिंग बोर्ड के वाइस चेयरमैन थे, लेकिन उपचुनाव से ठीक एक दिन पहले उन्होंने इस पद से इस्तीफा दे दिया। वे 2022 में इस बोर्ड में शामिल किए गए थे।
राजिंदर गुप्ता का राज्यसभा पहुंचना लगभग तय माना जा रहा है, क्योंकि 117 सदस्यीय विधानसभा में AAP के पास 93 विधायक हैं, जबकि राज्यसभा चुनाव जीतने के लिए केवल 60 वोटों की जरूरत होती है। ऐसे में उनका निर्विरोध चुना जाना लगभग निश्चित है।
कौन हैं राजिंदर गुप्ता?
राजिंदर गुप्ता ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत शिरोमणि अकाली दल से की थी। अकाली-बीजेपी गठबंधन सरकार के दौरान उन्होंने कई अहम पदों पर काम किया। वे ट्राइडेंट ग्रुप के चेयरमैन हैं — जिसकी सालाना आय 5,000 करोड़ रुपये से अधिक है। यह कंपनी कॉटन, पेपर, बेडशीट और टॉवल जैसे उत्पाद बनाती है।
साधारण परिवार से आने वाले गुप्ता ने नौवीं कक्षा तक की पढ़ाई के बाद फैक्ट्री में नौकरी की। मेहनत और दूरदर्शिता के बल पर उन्होंने 1985 में 6.5 करोड़ रुपये का जोखिम उठाते हुए ‘अभिषेक इंडस्ट्रीज’ के नाम से खाद निर्माण की फैक्ट्री शुरू की, जो आगे चलकर ट्राइडेंट ग्रुप के रूप में विकसित हुई। फोर्ब्स के मुताबिक, आज राजिंदर गुप्ता की संपत्ति 1.3 बिलियन डॉलर से अधिक है और उनकी कंपनी के उत्पाद 150 से ज्यादा देशों में निर्यात होते हैं।
पंजाब से राज्यसभा की कुल 7 सीटें हैं, जिनमें से 6 पर पहले से ही AAP के सांसद हैं — हरभजन सिंह, संत बलबीर सिंह, अशोक कुमार मित्तल, संदीप पाठक, विक्रमजीत सिंह साहनी और संजीव अरोड़ा। अब सातवीं सीट पर भी AAP के कब्जे के साथ पार्टी का राज्यसभा में प्रभाव और मजबूत हो जाएगा।