पीडीएस दुकान की आड़ में चल रही नकली शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, 5 गिरफ्तार
पुलिस ने एक बड़े शराब रैकेट का पर्दाफाश किया है। सराय थाना क्षेत्र के शीतल भकुरहर गांव में जन वितरण प्रणाली (PDS) की दुकान की आड़ में एक घर के अंदर अवैध रूप से नकली अंग्रेजी शराब बनाई जा रही थी।
Vaishali - बिहार के वैशाली जिले में शराब माफियाओं के खिलाफ पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। सराय थाना क्षेत्र के शीतल भकुरहर गांव में पुलिस ने एक घर के भीतर चल रही अवैध शराब फैक्ट्री का खुलासा किया है। यह कार्रवाई तब हुई जब पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि रिहायशी इलाके के बीचों-बीच एक आवासीय मकान में बड़े पैमाने पर अवैध शराब का निर्माण किया जा रहा है।
पीडीएस दुकान की आड़ में काला खेल

हैरानी की बात यह है कि यह अवैध कारोबार एक जन वितरण प्रणाली (PDS) की दुकान की आड़ में चलाया जा रहा था। आरोपी अभिषेक कुमार राय ने अपने घर को ही शराब बनाने के कारखाने में तब्दील कर दिया था। बाहर से सामान्य दिखने वाले इस घर के भीतर विदेशी ब्रांडों की नकली शराब तैयार की जा रही थी। पुलिस के मुताबिक, होली के त्योहार को देखते हुए शराब की बड़ी खेप तैयार करने की योजना थी।
भारी मात्रा में उपकरण और कच्चा माल बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस को मौके से भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामान मिला है। पुलिस ने शराब बनाने वाली मशीन, विभिन्न नामी ब्रांडों के रैपर, ढक्कन (मुन्ना) और खाली बोतलें बरामद की हैं। सदर एसडीपीओ गोपाल मंडल ने बताया कि यहाँ पूरी तरह से नकली और फर्जी शराब तैयार की जा रही थी, जो लोगों के स्वास्थ्य के लिए जानलेवा साबित हो सकती थी।

पांच धंधेबाज पुलिस की गिरफ्त में
पुलिस ने इस छापेमारी के दौरान मौके से पांच लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस का मानना है कि यह एक संगठित गिरोह है जो लंबे समय से इस क्षेत्र में सक्रिय था। फिलहाल पकड़े गए आरोपियों से कड़ी पूछताछ की जा रही है ताकि इस गिरोह के अन्य सदस्यों और इनके वितरण नेटवर्क (सप्लाई चेन) का पता लगाया जा सके।
शराब माफियाओं के खिलाफ विशेष अभियान
सदर एसडीपीओ ने स्पष्ट किया कि होली पर्व के मद्देनजर पूरे वैशाली जिले में शराब के विरुद्ध विशेष छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हुई इस संयुक्त कार्रवाई के बाद इलाके के अन्य शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने कहा है कि पकड़े गए आरोपियों पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जा रहा है।
Report - Rishav kumar