Bihar News: दिल्ली की सर्द रातों में बिहारियों की पीड़ा, हम ने सीएम रेखा गुप्ता को लिखा पत्र, केंद्रीय मंत्री माँझी के निर्देश पर प्रवासी सम्मान की आवाज हुई बुलंद
Bihar News: दिल्ली में रह रहे प्रवासी बिहारियों की बदहाली को लेकर अब सियासत भी सक्रिय हो गई है। ...
Bihar News: दिल्ली में रह रहे प्रवासी बिहारियों की बदहाली को लेकर अब सियासत भी सक्रिय हो गई है। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेकुलर) ने ठंड के मौसम में खुले आसमान के नीचे जीवन गुज़ारने को मजबूर बिहारियों के लिए उचित व्यवस्था की मांग उठाई है। यह पहल पार्टी के संरक्षक और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के निर्देश तथा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार सरकार में मंत्री संतोष कुमार सुमन के आदेश पर की गई है।
हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेकुलर) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष रजनीश कुमार ने इस संबंध में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को एक औपचारिक पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने दिल्ली में रह रहे प्रवासी बिहारियों की मूलभूत समस्याओं की ओर ध्यान आकृष्ट कराया है। रजनीश कुमार ने लिखा कि कड़ाके की ठंड में भी बड़ी संख्या में बिहारी मज़दूर, कामगार और प्रवासी सड़क किनारे सोने को मजबूर हैं। न तो पर्याप्त रैन बसेरे हैं, न ही भोजन, स्वास्थ्य और सुरक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं की समुचित व्यवस्था।
उन्होंने पत्र में यह भी रेखांकित किया कि दिल्ली की अर्थव्यवस्था में बिहारियों का बड़ा योगदान है, इसके बावजूद वे हाशिये पर धकेले गए हैं। राजधानी में आज भी हजारों लोग खुले आसमान के नीचे रात काटने को मजबूर हैं, जो मानवीय गरिमा और संवैधानिक मूल्यों के खिलाफ है।
रजनीश कुमार ने मांग की कि दिल्ली सरकार प्रवासी बिहारियों के लिए अस्थायी आश्रय, रैन बसेरा, स्वास्थ्य सुविधा और सुरक्षा की ठोस व्यवस्था करे। राहत की बात यह है कि दिल्ली सरकार ने इस पत्र को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को अग्रसारित कर दिया है।
प्रदेश अध्यक्ष रजनीश कुमार ने भरोसा जताया कि दिल्ली सरकार इस मांग पर अमल करेगी। कुल मिलाकर, यह पहल सिर्फ एक पत्र नहीं, बल्कि प्रवासी बिहारियों के सम्मान और अधिकार की सियासी दस्तक मानी जा रही है।
रिपोर्ट- नरोत्तम सिंह