पांच राज्यों की सियासी जंग का बिगुल, आज चुनावी तारीखों का होगा ऐलान, बंगाल से तमिलनाडु तक गरमाई सियासत

Election Commission: तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, असम, केरल और पुडुचेरी समेत पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान आज किया जा सकता है।...

Poll Battle in Tamil Nadu Bengal Assam Kerala 5 States Dates
पांच राज्यों के चुनावी तारीखों का होगा ऐलान- फोटो : social Media

Election Commission: देश की सियासत में आज बड़ा दिन साबित हो सकता है। तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, असम, केरल और पुडुचेरी समेत पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान आज किया जा सकता है। चुनाव आयोग ने संकेत दिया है कि आज शाम करीब 3 बजे के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए पूरे चुनावी कार्यक्रम की घोषणा की जाएगी। इस ऐलान के साथ ही इन राज्यों में सियासी रणभेरी पूरी तरह बज उठेगी और चुनावी जंग आधिकारिक तौर पर शुरू हो जाएगी।

चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक इन राज्यों की विधानसभाओं का कार्यकाल अगले कुछ महीनों में खत्म हो रहा है। पश्चिम बंगाल विधानसभा का कार्यकाल 7 मई, तमिलनाडु का 10 मई, असम का 20 मई, केरल का 23 मई और पुडुचेरी का 15 जून को समाप्त होने वाला है। ऐसे में माना जा रहा है कि संवैधानिक प्रावधानों के तहत इन राज्यों में मई के पहले सप्ताह तक चुनावी प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।

राजनीतिक गलियारों में यह चुनाव बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि इसका असर सिर्फ इन राज्यों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि राष्ट्रीय सियासत की दिशा और दशा भी इससे तय हो सकती है। खास तौर पर पश्चिम बंगाल में सियासी मुकाबला बेहद दिलचस्प होने के आसार हैं, जहां बीजेपी और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है। सूत्रों के मुताबिक बंगाल में तीन से चार चरणों में मतदान कराए जाने की संभावना जताई जा रही है।

वहीं केरल और पुडुचेरी में चुनाव एक ही चरण में कराए जाने की चर्चा है, जबकि तमिलनाडु और असम में दो चरणों में मतदान हो सकता है। हालांकि अंतिम फैसला और सटीक तारीखें चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद ही सामने आएंगी।

चुनाव की तारीखों के ऐलान से पहले ही इन राज्यों में सियासी हलचल तेज हो गई है। राजनीतिक दल अपने-अपने चुनावी समीकरण मजबूत करने में जुट गए हैं। कांग्रेस ने असम में अपने 15 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा भी कर दी है, जिससे चुनावी सरगर्मी और तेज हो गई है।

इस बार पूरे देश की निगाहें खास तौर पर तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल पर टिकी हुई हैं, जहां सत्ता की जंग बेहद दिलचस्प और कड़ी होने की संभावना है। वहीं असम भी राजनीतिक दृष्टि से अहम रणभूमि बन चुका है। अब सबकी नजर चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर है, जहां से तय होगा कि आने वाले हफ्तों में देश के इन पांच राज्यों में लोकतंत्र का महापर्व किस तारीख से शुरू होगा और किस दिन जनता अपने मताधिकार से सत्ता का फैसला करेगी।