रसगुल्ला के अंदर छिपाया बम, खाते ही मुंह में हुआ धमाका, युवक की दर्दनाक मौत
राजेंद्र ने जैसे ही रसगुल्ले को मुंह में डालकर काटा, उसके अंदर छिपाया गया विस्फोटक फट गया। धमाका इतना तेज था कि राजेंद्र के मुंह और जबड़े में गंभीर चोटें आईं। और उसकी मौत हो गई
Bomb Hidden in Rasgulla : मिठाई के नाम पर मौत का ऐसा खौफनाक खेल सामने आया है, जिसे सुनकर हर कोई हैरान है। इसमें मिठाई खाते ही मुंह में धमाका हो गया और पीड़ित की मौत हो गई। मध्य प्रदेश के डिंडोरी जिले में एक 35 वर्षीय युवक की रसगुल्ला खाने के दौरान हुए विस्फोट में दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि रसगुल्ले के अंदर बम छिपाया गया था। युवक ने जैसे ही उसे मुंह में डालकर काटा, जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट में उसका मुंह और जबड़ा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतक की पहचान राजेंद्र बरौतिया के रूप में हुई है। घटना उस समय हुई, जब राजेंद्र रात में खाना खाने के बाद अपने परिवार के साथ घर के आंगन में आग ताप रहा था। इसी दौरान उसके मोहल्ले में रहने वाला रामभगत बरौतिया वहां पहुंचा। दोनों आग के पास बैठकर बातचीत करने लगे। इसी बीच रामभगत ने राजेंद्र को खाने के लिए एक चीज दी और उसे रसगुल्ला बताया।
राजेंद्र ने जैसे ही रसगुल्ले को मुंह में डालकर काटा, उसके अंदर छिपाया गया विस्फोटक फट गया। धमाका इतना तेज था कि राजेंद्र के मुंह और जबड़े में गंभीर चोटें आईं। परिजन तत्काल उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद कुछ घंटे बाद उसकी मौत हो गई।
जंगली सूअरों को मारने वाले बम का इस्तेमाल
डिंडोरी कोतवाली के थाना प्रभारी दुर्गा प्रसाद नागपुरे के मुताबिक, आरोपी रामभगत ने कथित तौर पर जंगली सूअरों को मारने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले देसी विस्फोटक को रसगुल्ले के अंदर छिपाया था। उसने राजेंद्र को यह कहते हुए दिया कि वह मिठाई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
इस मामले में डिंडोरी कोतवाली थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 3 और 4 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी के पास विस्फोटक कहां से आया और उसने इसे किस उद्देश्य से हासिल किया था।
इसके साथ ही वारदात के पीछे की वजह और विस्फोटक की खरीद या आपूर्ति में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।