Ranveer Allahbadia: मशहूर कंटेंट क्रिएटर और इन्फ्लुएंसर रणवीर अल्लाहबादिया इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। इसकी वजह है उनका विवादित बयान जो उन्होंने समय रैना (Samay Raina) के शो इंडियाज गॉट लैटेंट (India's Got Latent) में दिया था। अब खबरें आ रही हैं कि रणवीर अल्लाहबादिया लापता हो गए हैं। सूत्रों की मानें तो पुलिस लगातार रणवीर का बयान दर्ज करने के लिए उनसे संपर्क साधने की कोशिश कर रही है लेकिन उनका कोई अता-पता नहीं है।
फोन स्वीच ऑफ, घर पर लगा ताला
दरअसल, मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस लगातार उनसे पूछताछ कर रही थी लेकिन अब उनका कोई सुराग नहीं मिल रहा है। बताया जा रहा है कि गुरुवार को उन्हें विवादित बयान मामले में खार थाने में पेश होने के लिए कहा गया था लेकिन वे हाजिर नहीं हुए। इसके बाद पुलिस ने उन्हें शुक्रवार को पेश होने के लिए दूसरा समन जारी किया। हालांकि, रणवीर ने पुलिस से अनुरोध किया था कि उनका बयान उनके घर पर दर्ज किया जाए, लेकिन यह अनुरोध खारिज कर दिया गया। बताया जा रहा है कि रणवीर का फोन भी ऑफ है और उनके घर पर भी ताला लगा हुआ है।
'इंडियाज गॉट लैटेंट' की कंट्रोवर्सी क्या है?
कॉमेडियन और यूट्यूबर समय रैना ने पिछले साल जून में इंडियाज गॉट लैटेंट नामक एक पैरोडी शो यूट्यूब पर शुरू किया था। इस शो के हर एपिसोड में अलग-अलग जज नजर आते थे। हाल ही के एक एपिसोड में रणवीर अल्लाहबादिया के साथ अपूर्वा मुखीजा, जसप्रीत सिंह और आशीष चंचलानी भी शामिल थे। इसी एपिसोड में रणवीर द्वारा किए गए एक विवादित कमेंट के चलते यह मामला गर्मा गया, जिसके बाद पुलिस ने उनसे पूछताछ शुरू की थी। अब रणवीर अल्लाहबादिया के अचानक गायब होने की खबरें सामने आ रही हैं। जिससे यह मामला और भी पेचीदा हो गया है।