Uttar Pradesh Elections: यूपी चुनाव से पहले अखिलेश का बड़ा दांव, कांग्रेस से सीट बंटवारे के बीच सपा ने घोषित किए 5 उम्मीदवार, क्या करेंगे राहुल

Uttar Pradesh Elections: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे पर बातचीत जारी है, लेकिन इसी बीच ...

Akhilesh Yadav Announces 5 Candidates

Uttar Pradesh Elections: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे पर बातचीत जारी है, लेकिन इसी बीच सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने उम्मीदवारों की घोषणा कर सियासी हलचल तेज कर दी है। मंगलवार की देर रात समाजवादी पार्टी ने पांच विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर दिया। इस कदम को कांग्रेस पर दबाव बनाने की रणनीति के तौर पर भी देखा जा रहा है। सपा ने साफ संकेत देने की कोशिश की है कि चुनावी तैयारियों में वह किसी से पीछे नहीं है और जरूरत पड़ने पर अपने दम पर भी मैदान में उतरने को तैयार है।

सपा की ओर से घोषित पांच उम्मीदवारों में चार मौजूदा विधायक हैं। बेहट से उमर अली खान, सहारनपुर से आशु मलिक, कैराना से नाहिद हसन और अमरोहा से महबूब अली को फिर से उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं, ललितपुर विधानसभा सीट से ज्योति लोधी को मौका दिया गया है। पिछली बार इस सीट से रमेश प्रसाद चुनाव लड़े थे, लेकिन उन्हें तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा था। उन्हें 68,597 वोट मिले थे। इस सीट पर भाजपा ने जीत दर्ज की थी, जबकि बसपा दूसरे स्थान पर रही थी।

इससे पहले अखिलेश यादव अयोध्या से पवन पांडेय और चिल्लूपार से विनय शंकर तिवारी के नाम का ऐलान कर चुके हैं। इस तरह सपा अब तक सात उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। पार्टी की रणनीति अपने मजबूत और जिताऊ उम्मीदवारों को पहले ही मैदान में उतारकर चुनावी तैयारियों को गति देने की है।

इमरान मसूद के लिए बढ़ी सियासी चुनौती

सपा के इस फैसले से सहारनपुर की राजनीति में भी हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद पहले ही सहारनपुर की पांचों विधानसभा सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशियों को चुनाव लड़ाने की बात कह चुके हैं। उनका कहना रहा है कि गठबंधन की परिस्थितियां चाहे जैसी हों, इन सीटों पर कोई समझौता नहीं होगा। ऐसे में सहारनपुर और बेहट से सपा उम्मीदवारों की घोषणा को कांग्रेस के लिए बड़ा राजनीतिक संदेश माना जा रहा है।

अखिलेश की पोस्ट से गठबंधन को लेकर संदेश

उम्मीदवारों की घोषणा के बीच अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट भी साझा की। उन्होंने लिखा कि गठबंधन इसलिए होते हैं ताकि जीत हासिल की जा सके। सभी दलों को मिलकर ऐसा तालमेल और एडजस्टमेंट करना चाहिए, जिससे सामने वाले को हराया जा सके। उनके इस संदेश को कांग्रेस के साथ गठबंधन बनाए रखने की कोशिश और सीट बंटवारे पर सहयोगियों को राजनीतिक संकेत देने के रूप में देखा जा रहा है।

अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि सपा और कांग्रेस के बीच सीटों का बंटवारा किस तरह तय होता है और उम्मीदवारों की घोषणा के बाद गठबंधन की आगे की तस्वीर क्या बनती है।