Miss Universe 2026: मिस यूनिवर्स 2026 बनीं प्यूर्टो रिको की जेनिफर बैरेटो, पहली बार मां और शादीशुदा महिला ने जीता ताज
Miss Universe 2026: मिस यूनिवर्स 2026 का ताज प्यूर्टो रिको की जेनिफर बैरेटो के सिर सज गया है।
Miss Universe 2026: मिस यूनिवर्स 2026 का ताज प्यूर्टो रिको की जेनिफर बैरेटो के सिर सज गया है। 25 नवंबर को राजधानी सैन जुआन में आयोजित 75वें मिस यूनिवर्स ग्रैंड फिनाले में जेनिफर ने दुनिया भर की सुंदरियों को पीछे छोड़ते हुए खिताब अपने नाम किया। उनकी जीत इस बार कई मायनों में खास रही। जेनिफर मिस यूनिवर्स का ताज जीतने वाली पहली शादीशुदा महिला और मां बन गई हैं। उनकी कामयाबी ने अंतरराष्ट्रीय सौंदर्य प्रतियोगिता में एक नई मिसाल कायम की है।
जेनिफर मॉडल होने के साथ सोशल वर्कर भी हैं। दिलचस्प बात यह है कि उन्होंने फरवरी 2026 में पहली बार रैंप वॉक किया था। इसके बाद जून में मिस यूनिवर्स प्यूर्टो रिको का खिताब जीतकर अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचीं। उन्होंने अपनी फिटनेस पर भी काफी मेहनत की और करीब 30 किलो वजन कम किया। उनकी इस उपलब्धि के पीछे कड़ी मेहनत और लगातार संघर्ष की कहानी बताई जा रही है।
जेनिफर की जीत के साथ प्यूर्टो रिको ने छठी बार मिस यूनिवर्स का ताज हासिल किया है। इससे पहले 1970 में मैरिसोल मालारेट, 1985 में डेबोरा कार्थी-ड्यू, 1993 में दयानारा टोरेस, 2001 में डेनिस क्विनोनेस और 2006 में जुलेइका रिवेरा ने यह गौरव हासिल किया था। वहीं, डोमिनिकन रिपब्लिक की मेलिसा नुनेज फर्स्ट रनर-अप और वेनेजुएला की क्लारा वेगास सेकेंड रनर-अप रहीं।
इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में दुनिया के 116 देशों और क्षेत्रों की सुंदरियों ने हिस्सा लिया। भारत की ओर से केरल की 19 वर्षीय काजिया लिज मेजो ने देश का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने टॉप-30 में जगह बनाई, लेकिन टॉप-12 में पहुंचने से चूक गईं।
इस बार प्रतियोगिता की 75वीं वर्षगांठ पर खास डायमंड क्राउन तैयार किया गया था। 18 कैरेट व्हाइट गोल्ड से बने इस ताज में 3,150 हीरे जड़े गए हैं। हालांकि, फिनाले से पहले प्रतियोगिता कई विवादों में भी घिरी रही। वियतनाम की विजेता से ताज वापस लेने, फ्रेंचाइजी विवाद और कुछ अफ्रीकी देशों की प्रतियोगियों को अमेरिकी वीजा नहीं मिलने के मामले चर्चा में रहे। इन सबके बीच जेनिफर की जीत ने मिस यूनिवर्स 2026 को यादगार बना दिया।