N4N DESK - फिल्म अभिमान में अमिताभ बच्चन जया भादुड़ी के बिंदी को लेकर तारीफ करते हैं। माना जाता है कि बिंदी औरतों की खूबसूरती को और बढ़ा देता है। लेकिन यह बिंदी एक दंपती के बीच कलह का कारण बन गया है। स्थिति यहां तक पहुंच गई है कि आठ महीने पहले हुई शादी टूटने के करीब पहुंच गई। जिसके बाद परिवार परामर्श केंद्र ने उनकी सुलह कराई।
यह पूरा मामला प्रेम की नगरी आगरा से जुड़ी है। जहां इरादतनगर की युवती की आठ माह पूर्व सिकंदरा के युवक से शादी हुई थी। युवती को बिंदी लगाने का शौक था। कामकाज के दौरान बिंदी इधर-उधर हो जाती थी। वो दिन में कई बार बिंदी बदलती थी। पति का कहना था कि वो सुबह काम पर जाता है और शाम को आता है। ऐसे में बार -बार बिंदी बदलने की जरूरत नहीं है। उसने पत्नी को रोजाना गिन कर बिंदियां देना शुरू कर दिया। पत्नी को यह बात अच्छी नहीं पसंद आई और वो तीन माह पूर्व झगड़ा कर मायके चली आई।
काउंसलिंग के दौरान महिला ने बताया कि उसकी नई-नई शादी हुई है। काम के दौरान बिंदी गिर जाती थी। इसलिए हर बार वह नई बिंदी लगाने लगी। वहीं पति को बिंदी लगाने का खर्च अधिक लगने लगा। उसने बिंदी की गिनती करना शुरू कर दिया। इसके साथ ही हर दिन बिंदी गिनकर देने लगा।
पति की यह हरकत पत्नी को पसंद नहीं आई और वह मायके चली गई। तीन महीने से वह मायके में थी। इसके बाद पत्नी थाने पहुंची और पति के खिलाफ पुलिस से शिकायत कर दी। पुलिस ने दोनों का मामला परिवार परामर्श केंद्र में भेज दिया। जहां काउंसलिंग के दौरान पति ने बिंदी गिनना बंद करने का वादा किया। इसके बाद दोनों में सुलह हो गई।
काउंसलर डा अमित गौड ने बताया कि दंपतियों के बीच मामूली बातों में झगड़े के बाद बात यहां तक पहुंच गई थी। जिसमें पति ने अपनी गलती मानी और बिंदियों की गिनती नहीं करने का भरोसा दिया।