Tanishq robbery case: भोजपुर तनिष्क लूटकांड में बड़ी सफलता, पुलिस ने 10 आरोपी गिरफ्तार किए, सोने के आभूषण बरामद, वार्ड पार्षद का नाम आया सामने
भोजपुर पुलिस को तनिष्क लूटकांड में बड़ी सफलता मिली, 10 और आरोपी गिरफ्तार, सोने के आभूषण बरामद। जानें लूटकांड से जुड़ी पूरी जानकारी।

Tanishq robbery case: बिहार के आरा स्थित तनिष्क शोरूम से हुए करोड़ों रुपये के सोना लूटकांड में भोजपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। इस हाई-प्रोफाइल लूटकांड में भोजपुर पुलिस ने 10 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है, साथ ही 432 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं। इन आभूषणों में सोने के चार बिस्किट, दो चेन, एक ब्रेसलेट और एक अंगूठी शामिल हैं। लूटकांड में प्रयुक्त कार, हथियार और अन्य सामान भी जब्त किए गए हैं।
पहले पांच मुख्य आरोपी गिरफ्तार
इससे पहले, पुलिस ने इस लूटकांड के मुख्य पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था। अब तक इस कांड में करीब ढाई करोड़ रुपये मूल्य के आभूषण बरामद किए जा चुके हैं। भोजपुर पुलिस के अलावा, पटना एसटीएफ की टीम भी इस जांच में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
मुठभेड़ में एक आरोपी ढेर, दो फरार
लूटकांड में शामिल एक आरोपी चुनमुन झा को 22 मार्च को अररिया में पुलिस मुठभेड़ में मार दिया गया था, जबकि दो अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं। पुलिस ने बताया कि इस कांड के मास्टरमाइंड चंदन उर्फ प्रिंस और शेरू सिंह पश्चिम बंगाल की जेल में बंद हैं, जिनका प्रोडक्शन वारंट जारी हो चुका है और उन्हें रिमांड पर लाया जाएगा।
वार्ड सदस्य भी लूटकांड में शामिल
लूटे गए सोने का कुछ हिस्सा महुआ, वैशाली के निवासी और पूर्व वार्ड सदस्य अभिषेक कुमार को बेच दिया गया था। उन्होंने इन आभूषणों को गलाकर चार बिस्किट बना दिए थे, जिन्हें पुलिस ने अपराधियों की निशानदेही पर बरामद कर लिया है। इसके अलावा, 20 लाख रुपये में से पांच लाख रुपये भी फ्रिज कर दिए गए हैं।
अन्य गिरफ्तार आरोपी
लूटकांड में गिरफ्तार 10 अन्य आरोपी वैशाली और अररिया जिलों से हैं। इन आरोपियों में सूरज मंडल, अमित कुमार, सुमित कुमार उर्फ प्रिंस, और अभिमन्यू पगला प्रमुख नाम हैं। इनकी गिरफ्तारी विभिन्न जिलों और राज्यों की पुलिस के सहयोग से हुई है।
लूटकांड के आरोपियों को पकड़ने में बड़ी सफलता
भोजपुर पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने तनिष्क लूटकांड के आरोपियों को पकड़ने में बड़ी सफलता हासिल की है। हालांकि, कुछ आरोपी अब भी फरार हैं, लेकिन पुलिस की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। इस लूटकांड की जांच में आगे भी बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।