Bihar Politics: चिराग पासवान आज करेंगे चुनावी शुरुआत, आरा से भरेंगे हुंकार, आरा से नव संकल्प यात्रा का आगाज
Bihar Politics: केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की पार्टी की नव संकल्प यात्रा का आगाज आज से हो रहा है। चिराग आज आरा से चुनावी बिगुल फूकेंगे।

Bihar Politics: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले लोजपा(रा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान एक्शन मोड में हैं। चिराग की पार्टी बिहार विधानसभा चुनाव में ना सिर्फ अपनी मजबूत दावेदारी या अधिक से अधिक सीट जीते के लिए जमीन तौर पर जुट गई है। खुद चिराग पासवान इस बार बिहार विधानसभा चुनाव लड़ सकते हैं। इसी कड़ी में आज चिराग पासवान की पार्टी 2025 के विधानसभा चुनाव के पहले आज बड़ा कार्यक्रम करने जा रहा हैं।
आरा में चिराग की नवसंकल्प महासभा
दरअसल, भोजपुर जिले के वीर कुंवर सिंह स्टेडियम में आज रविवार को लोजपा (रामविलास) की ओर से नव संकल्प महासभा का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान संबोधित करेंगे। पार्टी ने इसे ऐतिहासिक बनाने की पूरी तैयारी कर ली है और इसे आगामी विधानसभा चुनाव के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
कार्यक्रम के लिए पार्टी ने झोंक दी पूरी ताकत
लोजपा के शीर्ष नेतृत्व से लेकर जिला स्तर के नेताओं तक ने कार्यक्रम की सफलता के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। भोजपुर के गांव-गांव में जनसंपर्क अभियान चलाया गया है। कार्यक्रम में भोजपुर के अलावा पटना, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद व अरवल सहित कई जिलों से बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
'बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट' की गूंज
नव संकल्प महासभा के जरिए लोजपा (रामविलास) 'बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट' के नारे के साथ राज्य में अपनी सियासी जमीन मजबूत करने का प्रयास कर रही है। चिराग पासवान अपने दिवंगत पिता रामविलास पासवान के सपनों का बिहार बनाने के संकल्प के साथ आरा की धरती से जनता को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में चिराग पासवान के साथ-साथ सांसद अरुण भारती, वीणा देवी, शांभवी चौधरी, राजेश वर्मा, प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी, संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष हुलास पांडेय, युवा लोजपा प्रदेश अध्यक्ष वेदप्रकाश पांडेय, छात्र लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष यामिनी मिश्रा और जिलाध्यक्ष राजेश्वर पासवान भी मंच साझा करेंगे।
राज्यभर में होंगे नव संकल्प कार्यक्रम
पार्टी के प्रवक्ता मनीष सिंह ने दावा किया कि इस महासभा में लाखों की भीड़ जुटेगी और यह लोजपा (रामविलास) की ताकत का प्रदर्शन होगा। उन्होंने कहा कि रैली की तैयारी को लेकर बिहार प्रभारी सांसद अरुण भारती और प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी पिछले कई दिनों से आरा में डेरा डाले हुए हैं।
चिराग को हर वर्ग का समर्थन
मनीष सिंह ने कहा कि कुछ लोग लोजपा (रामविलास) को एक खास जाति की पार्टी के तौर पर सीमित करने की कोशिश करते हैं, लेकिन चिराग पासवान को समाज के हर वर्ग से समर्थन मिल रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी आने वाले विधानसभा चुनावों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए पूरी तरह तैयार है। इस कार्यक्रम के जरिए लोजपा (रामविलास) ने स्पष्ट संकेत दे दिया है कि पार्टी अब विधानसभा चुनाव की सीधी तैयारी में जुट चुकी है।