Bihar News : भोजपुर में संदिग्ध परिस्थिति में मिला विवाहिता का शव, परिजनों ने बुलेट के लिए हत्या का लगाया आरोप

Bihar News : भोजपुर में संदिग्ध परिस्थिति में एक विवाहिता का शव बरामद किया गया है. परिजनों ने बुलेट के लिए ससुरालवालों पर हत्या करने का आरोप लगाया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.....पढ़िए आगे

Bihar News : भोजपुर में संदिग्ध परिस्थिति में मिला विवाहिता
विवाहिता का शव बरामद - फोटो : ASHISH

ARA : जिले के कोईलवर थाना क्षेत्र के सकड्डी गांव में बुधवार की सुबह फांसी लगाकर एक महिला की हत्या कर दी गई। मृतक के शरीर में बाएं तरफ गर्दन सहित कान के नीचे गले पर काला,नीला निशान एवं गर्दन के दाहिने तरफ भी काला नीला निशान पाया गया है। जिसके कारण परिजन द्वारा ससुराल वालों पर बुलेट की मांग को लेकर से फांसी लगाकर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया जा रहा है। जानकारी के अनुसार मृतका कोईलवर थाना क्षेत्र के सकड्डी गांव वार्ड नंबर 7 निवासी कमेन्द्र यादव की 26 वर्षीया पत्नी सीता देवी है। इधर मृतका के ममेरे भाई रोहित कुमार ने बताया की पांच वर्ष पूर्व सकड्डी गांव के रिश्तेदार के यहां दोनों के बीच संपर्क हुआ था और धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग चलने लगा। कई साल प्रेम-प्रसंग चलने के बाद वर्ष 2021 में दोनों ने पवना गांव स्थित मंदिर में लव शादी हुई थी। 

शादी के करीब एक वर्ष बीत जाने के बाद उसके पति और ससुराल वालों द्वारा दहेज में बुलेट व पैसे की मांग किया जाने लगा। जिसके बाद उन लोगों ने बोला कि ठीक है हम लोग दे देंगे। इसके बाद उनके द्वारा उसके ससुराल वाले को एक साल पहले लगभग एक लाख रुपए से अधिक दे भी दिया था। तब सब ठीक हो गया था। कुछ दिन पूर्व उसका उसके पति से फोन पर झगड़ा हुआ। उसके बाद उसकी सास भी उससे झगड़ा की। मंगलवार की दोपहर करीब दो बजे उसके भाई अरुण के मोबाइल पर उसने कॉल किया और बोला कि उसके साथ ससुराल वालो ने मारपीट की है। उसका भाई अरुण पंजाब में है। जिसके कारण उसने रोहित को कॉल किया और वह उसके ससुराल गया और पूछा कि आप लोगों ने झगड़ा क्यों किया तो उनलोगों ने कुछ नहीं बताया। जब उसकी बहन नहीं दिखाई तो उसने फिर ससुराल वालों से पूछा तो उन्होंने कहा कि वह चौकी से गिर गई थी और वह अस्पताल में भर्ती है। इसके बाद वह वापस अपने घर चलाया। 

मंगलवार की रात उसके ससुराल के एक ग्रामीण द्वारा उसे सूचना मिली के उसकी बहन की हालत काफी सीरियस है। इसके बाद उसके भाई द्वारा उसे फोन किया गया। जिसके बाद बुधवार की सुबह जब वह उसके ससुराल सकड्डी गांव पहुंचा तो उसने देखा कि वह पलंग पर मृत अवस्था में पड़ी है और उसके ससुराल के सभी लोग फरार हैं। सिर्फ उसकी सास वहां मौजूद थी। जिसके बाद उसने इसकी सूचना स्थानीय थाना को दी। सूचना पाकर स्थानीय थाना मौके पर पहुंच शव को अपने कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया। वहीं दूसरी तरफ मृतका के ममेरे भाई रोहित कुमार ने उसके ससुराल वालों पर बुलेट की मांग को लेकर उसे मारपीट कर व फांसी लगाकर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है। बहरहाल पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है। बताया जाता है कि मृतका अपने दो भाई व एक बहन में दूसरे स्थान पर थी एवं अपने मां-बाप की इकलौती लाडली थी। उसका पति हैदराबाद में रहकर प्राइवेट काम करता है एवं उसे एक वर्ष का एक पुत्र मौर्य राज है। घटना के बाद मृतका के घर में कोहराम मच गया है। इस घटना के बाद मृतका के परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

आरा से आशीष की रिपोर्ट