बिहार छठ पूजा न्यूज: बगहा में डीएम-एसपी ने परखी घाटों की सुरक्षा, एसडीआरएफ और पुलिस बल की होगी तैनाती
बगहा में लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। डीएम तरनजोत सिंह और एसपी राजेश कुमार ने दीनदयाल नगर घाट समेत कई घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा और सुविधाओं का जायजा लिया।
बिहार के बगहा में लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर प्रशासनिक तैयारियां काफी तेज हो गई हैं। छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी भी तरह की असुविधा न हो और घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहें, इसे सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है।
डीएम, एसपी और एसडीएम ने दीनदयाल नगर घाट का किया निरीक्षण
इसी कड़ी में पश्चिम चंपारण के जिलाधिकारी तरनजोत सिंह, बगहा के पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार और बगहा की अनुमंडल पदाधिकारी चांदनी कुमारी ने संयुक्त रूप से दीनदयाल नगर घाट समेत विभिन्न प्रमुख छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया।

चेंजिंग रूम और वॉच टावर की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त संख्या में चेंजिंग रूम बनाने के निर्देश दिए। इसके अलावा, सुरक्षा के मद्देनजर वॉच टावर की स्थापना, निगरानी बढ़ाने और संभावित खतरों से निपटने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया गया।
नदी के गहरे पानी में सुरक्षा और एसडीआरएफ की होगी तैनाती
नदी में पानी की गहराई और संभावित खतरों को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। प्रशासन ने आपात स्थिति से निपटने के लिए एसडीआरएफ (SDRF) की तैनाती और बच्चों को गहरे पानी से दूर रखने के लिए मजबूत बैरिकेडिंग करने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं।
उमड़ने वाली भीड़ के नियंत्रण के लिए पुलिस बल रहेगा मुस्तैद
बगहा एसपी राजेश कुमार ने पर्व के दौरान घाटों पर उमड़ने वाली भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे असामाजिक तत्वों पर नजर रखें और भीड़ नियंत्रण के लिए जगह-जगह पर्याप्त पुलिस बल तैनात करें।

साफ-सफाई, रोशनी और आपसी समन्वय के साथ काम करने के आदेश
बगहा एसडीएम चांदनी कुमारी ने घाटों की साफ-सफाई, आवागमन और प्रकाश व्यवस्था का जायजा लिया। अंत में डीएम ने सभी संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करने को कहा, ताकि श्रद्धालु पूरी तरह सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में छठ पर्व संपन्न कर सकें।
बगहा से धीरज पराशर की रिपोर्ट