गृहभेदन कांड का कुदरा पुलिस ने किया खुलासा, लाइसेंसी पिस्टल और अपाचे बाइक के साथ 5 गिरफ्तार

कैमूर के कुदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सकरी गांव में बीते दिनों हुए चर्चित गृहभेदन कांड का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में शामिल 5 आरोपियों को धर दबोचा है.....

गृहभेदन कांड का कुदरा पुलिस ने किया खुलासा, लाइसेंसी पिस्टल
गृहभेदन कांड मामले में 5 गिरफ्तार- फोटो : देवव्रत

Kaimoor : जिले के कुदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सकरी गांव में बीते दिनों हुए चर्चित गृहभेदन कांड का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस और तकनीकी टीम की संयुक्त कार्रवाई में मामले में संलिप्त पांच शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से एक लाइसेंसी 32 बोर की पिस्टल, दो मैगजीन, पांच स्मार्टफोन और वारदात में इस्तेमाल की गई एक काले रंग की टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई है। इसके साथ ही कुदरा पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर एक ही रात में चोरी, अपहरण, हेरोइन और शराब तस्करी के मामलों में कुल 12 आरोपियों को दबोचकर बड़ी सफलता हासिल की है।


4 नवंबर को कमल कुमार सिंह के घर हुई थी चोरी, दर्ज हुआ था कांड

मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए मोहनिया एसडीपीओ (SDPO) गोपाल कृष्णा ने बताया कि बीते 4 नवंबर 2026 की रात कुदरा थाना क्षेत्र के सकरी गांव (वार्ड संख्या 13) निवासी कमल कुमार सिंह के बंद मकान को चोरों ने निशाना बनाया था। गृहभेदन की इस घटना के बाद पीड़ित के बयान पर कुदरा थाना में मामला दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू की गई थी।


9 और 10 नवंबर को तकनीकी टीम संग छापेमारी, सिसौड़ा से दबोचे गए 5 आरोपी

घटना के बाद से ही पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए लगातार दबिश दे रही थी। इसी क्रम में 9 और 10 नवंबर की मध्य रात्रि कुदरा थाना पुलिस और कैमूर जिले की डीआईयू (तकनीकी टीम) ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए रामगढ़ थाना क्षेत्र के सिसौड़ा गांव में ताबड़तोड़ छापेमारी की। पुलिस ने घेराबंदी कर सिसौड़ा निवासी पांचों मुख्य आरोपियों को उनके ठिकाने से रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।


सिसौड़ा गांव के रहने वाले हैं सभी गिरफ्तार आरोपी, एक फरार की तलाश जारी

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवम कुमार, आशीष यादव, मुखलाल कुमार, अंकित कुमार यादव और आलोक कुमार (सभी निवासी सिसौड़ा, थाना रामगढ़) के रूप में हुई है। पूछताछ में इस कांड में रोहतास जिले के रहने वाले एक अन्य आरोपी आयुष कुमार की संलिप्तता भी उजागर हुई है, जो फिलहाल फरार चल रहा है। पुलिस टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।


आरोपी शिवम कुमार का रहा है आपराधिक इतिहास, पुलिस विधिक कार्रवाई में जुटी

एसडीपीओ गोपाल कृष्णा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी शिवम कुमार का पूर्व से भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ रामगढ़ और तुंआव थानों में चोरी, गृहभेदन और अवैध शराब से जुड़े कई संगीन मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने बरामद लाइसेंसी पिस्टल और अपाचे बाइक को जब्त कर लिया है और सभी गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजने की अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुट गई है।


देवव्रत की रिपोर्ट