Kartik Purnima: कार्तिक पूर्णिमा पर आस्था का सैलाब, गौसाघाट से अजगैबीनाथ तक गूंजे जयकारे, पहलेजा घाट पर दिखा अंधविश्वास का नजारा
Kartik Purnima: बिहार में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर परआस्था, परंपरा और धार्मिक विश्वास का अनूठा संगम देखने को मिला।...
Kartik Purnima: बिहार में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मंगलवार को आस्था, परंपरा और धार्मिक विश्वास का अनूठा संगम देखने को मिला। दरभंगा के प्रसिद्ध गौसाघाट से लेकर भागलपुर के अजगैबीनाथ धाम और सारण के पहलेजा घाट तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। कहीं लाखों लोगों ने नदियों में पवित्र स्नान कर सुख-समृद्धि की कामना की, तो कहीं बाबा भोलेनाथ के दरबार में जलाभिषेक और दीपदान के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। वहीं, सोनपुर के पहलेजा घाट पर धार्मिक आस्था के साथ कथित तंत्र-मंत्र और भूत-प्रेत उतारने की गतिविधियां भी चर्चा का विषय बनी रहीं।
दरभंगा के प्रसिद्ध गौसाघाट में कमला नदी के तट पर अहले सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। देखते ही देखते घाट पर भारी भीड़ जमा हो गई। हर-हर गंगे और जय कमला मैया के जयकारों से पूरा इलाका भक्तिमय हो उठा। इस मेले की खास पहचान नि:संतान दंपतियों से जुड़ी लोकपरंपरा है। संतान की कामना लेकर पहुंचने वाली महिलाएं पहले जीवछघाट में स्नान करती हैं। इसके बाद पति-पत्नी आपस में गठजोड़ कर करीब तीन किलोमीटर पैदल चलकर गौसाघाट पहुंचते हैं। वहां कमला नदी में स्नान कर मनोकामना पूरी होने की प्रार्थना करते हैं। लोकविश्वास के अनुसार, स्नान के दौरान पानी में हाथ लगने वाली वस्तु को प्रसाद के रूप में ग्रहण किया जाता है। इस मौके पर कोखिया गुहार की रस्म भी आकर्षण का केंद्र रही। इसमें ओझाओं द्वारा पारंपरिक तरीके से दंपतियों की मनोकामना से जुड़ी रस्म पूरी कराई जाती है। यहां बिहार के विभिन्न जिलों के अलावा झारखंड, उत्तर प्रदेश और नेपाल से भी श्रद्धालु पहुंचे।
उधर, भागलपुर जिले के सुल्तानगंज स्थित प्रसिद्ध अजगैबीनाथ धाम में भी आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। उत्तरवाहिनी गंगा के तट पर ब्रह्म मुहूर्त से ही श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान किया। इसके बाद बाबा अजगैबीनाथ के दरबार में पूजा-अर्चना, जलाभिषेक और दीपदान किया। गंगा घाटों पर दीपों की जगमगाहट और हर-हर महादेव के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलकामना के लिए दीपदान किया।
दूसरी ओर, सारण जिले के सोनपुर स्थित पहलेजा घाट पर कार्तिक पूर्णिमा की रात से मंगलवार सुबह करीब 11 बजे तक कथित तंत्र-मंत्र और भूत-प्रेत उतारने की गतिविधियां चलती रहीं। गंगा के सुनसान घाटों और मुर्दाघाट के आसपास ढोल-नगाड़ों, झाल और मंत्रोच्चार के बीच महिला, पुरुष, युवक-युवतियां और बुजुर्ग शामिल दिखाई दिए। कुछ लोग नाचते, चिल्लाते और शरीर झुमाते नजर आए, जबकि ओझा-गुणी और साधुओं के निर्देश पर हवन-पूजन तथा कथित भूत-प्रेत उतारने की रस्में की जाती रहीं। कई लोग शरीर से कथित नकारात्मक प्रभाव दूर कर उसे गंगा में प्रवाहित करने का दावा करते दिखे।
इस तरह की गतिविधियों को लेकर अंधविश्वास और आर्थिक शोषण की आशंका भी सामने आती रही है। आरोप है कि कुछ कथित तांत्रिक लोगों को भूत-प्रेत, अनिष्ट और देवी-देवताओं की नाराजगी का भय दिखाकर उनसे रुपये, कपड़े और पूजा सामग्री लेते हैं। ऐसे में धार्मिक आस्था के साथ वैज्ञानिक सोच और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना भी जरूरी है। कार्तिक पूर्णिमा ने एक बार फिर बिहार की समृद्ध धार्मिक विरासत, लोकपरंपराओं और समाज में मौजूद अंधविश्वास की अलग-अलग तस्वीरें सामने रखीं।
दरभंगा से वरुण ठाकुर, भागलपुर से अंजनी कश्यप, सारण से धर्मेंद्र रस्तोगी, वैशाली से ऋषभ की रिपोर्ट