छठ महापर्व पर प्रवासियों के स्वागत की भव्य तैयारी : डीएम ने बस स्टैंड व रेलवे स्टेशन का किया निरीक्षण, दिए कई सख्त निर्देश

छठ पूजा में परदेश से अपने घर आने वाले लोगों के स्वागत के लिए बांका जिला प्रशासन ने भव्य तैयारी की है। मंगलवार को जिलाधिकारी ने खुद बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कई सख्त निर्देश दिए....

छठ महापर्व पर प्रवासियों के स्वागत की भव्य तैयारी : डीएम ने
डीएम ने बस स्टैंड व रेलवे स्टेशन का किया निरीक्षण- फोटो : चन्द्रशेखर भगत

Banka : लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर बांका जिला प्रशासन ने बाहर से घर लौट रहे श्रद्धालुओं और प्रवासियों के सुगम आवागमन व स्वागत के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल ने बांका-कटोरिया बस स्टैंड और बांका रेलवे स्टेशन का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने यात्री सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया और अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखने के सख्त दिशा-निर्देश जारी किए।


बस स्टैंड पर छठ गीतों का प्रसारण और एलईडी स्क्रीन से भक्तिमय माहौल

निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने सबसे पहले बस स्टैंड परिसर पहुंचकर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी से यात्रियों के लिए उपलब्ध कराई गई मूलभूत सुविधाओं का ब्योरा लिया। उन्होंने स्वच्छ शौचालय, पीने के शुद्ध पानी और यात्रियों के बैठने की मुकम्मल व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। श्रद्धालुओं के आत्मीय स्वागत के लिए बस स्टैंड परिसर में पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से पारंपरिक छठ गीतों का निरंतर प्रसारण किया जा रहा है, वहीं एलईडी स्क्रीन पर छठ पर्व से जुड़ी वीडियो क्लिप प्रदर्शित की जा रही हैं ताकि बांका पहुँचते ही लोगों को भक्तिमय माहौल का अहसास हो सके।


रेलवे स्टेशन पर डिजिटल साइनेज और ट्रेनों की सही जानकारी देने के निर्देश

इसके पश्चात जिलाधिकारी ने बांका रेलवे स्टेशन पहुंचकर स्टेशन मैनेजर के साथ यात्री सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट हिदायत दी कि ट्रेनों से उतरने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े। डीएम ने प्लेटफॉर्म पर लगे डिजिटल साइनेज बोर्ड के जरिए ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान की सटीक जानकारी लगातार प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म और शौचालयों की नियमित सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने पर विशेष बल दिया गया।


शहर में लगाए गए आकर्षक स्वागत द्वार, फ्लेक्स और भक्तिमय बैनर

उधर, जिला जनसंपर्क कार्यालय (DPRO) की ओर से भी छठ पर्व के अवसर पर शहर के प्रमुख चौराहों, मुख्य मार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर आकर्षक स्वागत द्वार, फ्लेक्स और भक्तिमय बैनर लगाए गए हैं। इन प्रशासनिक व्यवस्थाओं के माध्यम से बांका पहुँचने वाले श्रद्धालुओं और प्रवासियों को क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक आस्था और परंपराओं से जोड़ने का एक सुंदर प्रयास किया गया है।


प्रवासियों के सम्मानजनक स्वागत और बेहतर सुविधा के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध

जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य महापर्व छठ के पावन अवसर पर बाहर से अपने घर लौट रहे प्रवासियों और श्रद्धालुओं को हर संभव बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनका सम्मानजनक स्वागत सुनिश्चित करना है। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर 24 घंटे व्यवस्थाओं की निगरानी करने और घाटों से लेकर स्टेशन तक की व्यवस्थाओं को लगातार दुरुस्त बनाए रखने का आदेश दिया है।


चन्द्रशेखर की रिपोर्ट