Bihar News : जेल से छूटे दोस्त की पार्टी में गए युवक की हुई संदिग्ध मौत, परिजनों ने गंगा में डुबोकर हत्या का लगाया आरोप
Bihar News : बिहार के खगड़िया जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां 25 वर्षीय युवक राजा कुमार सिन्हा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
BEGUSARAI : बिहार के खगड़िया जिले में 25 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई है। रात में दोस्तों के साथ पार्टी करने निकले राजा की सुबह बेगूसराय के लाखो टोल टैक्स के पास कार में गंभीर हालत में मिलने की सूचना मिली। परिजन आनन-फानन में उसे सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिजनों ने दोस्तों पर गंगा नदी में डुबोकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों ने कहा की एक युवक जेल से निकला था, और दोस्तों को पार्टी देने के दौरान राजा को भी आमंत्रित किया था। हालांकि मौत की असली वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पूरा मामला खगड़िया जिले के संसारपुर हरदास वार्ड नंबर 39 का है। यहां के निवासी मनोज कुमार सिन्हा के 25 वर्षीय इकलौते पुत्र, राजा कुमार सिन्हा दो मासूम बच्चों के पिता की संदिग्ध मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों के मुताबिक राजा बीती रात करीब सात बजे अपनी स्विफ्ट डिजायर कार से तीन दोस्तों के साथ पार्टी करने के लिए घर से निकला था। रात करीब साढ़े नौ बजे जब परिजनों ने फोन किया, तो राजा ने बताया कि वह दोस्तों के साथ पार्टी में है, और जल्द ही घर लौट आएगा। लेकिन रात बीत गई और राजा घर नहीं लौटा। सुबह करीब पांच बजे परिजनों ने दोबारा फोन किया, मगर राजा से संपर्क नहीं हो सका। परिजनों का कहना है कि लगातार फोन करने पर राजा का मोबाइल बंद आने लगा।
इतना ही नहीं उसके साथ गए तीनों दोस्तों के मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ मिलने लगे। इसके बाद परिवार की चिंता और बढ़ गई। इसी बीच सुबह करीब साढ़े दस बजे परिजनों को फोन पर सूचना मिली की लाखो टोल टैक्स के पास एक कार में राजा गंभीर हालत में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और राजा को तत्काल बेगूसराय सदर अस्पताल ले गए। लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने दोस्तों की भूमिका पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि राजा को गंगा नदी में डुबोकर उसकी हत्या की गई। परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल इस संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर दोस्तों के साथ पार्टी करने निकले राजा के साथ रात में क्या हुआ? सुबह उसकी कार टोल टैक्स के पास किस परिस्थिति में मिली? क्या राजा की मौत डूबने से हुई या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है? इन सभी सवालों का जवाब जांच के बाद ही सामने आएगा। फिलहाल परिजनों के आरोपों की पुष्टि होना बाकी है।
अजय शास्त्री की रिपोर्ट