बेगूसराय की बेटी मोनी कुमारी ने मिथिला पेंटिंग से बढ़ाया जिले का मान, मिला बड़ा सम्मान
मोनी कुमारी ने अपनी कला का शानदार प्रदर्शन किया। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन से प्रभावित होकर मिथिला चित्रकला संस्थान की ओर से उन्हें प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
Bihar News : बेगूसराय की बेटी मोनी कुमारी ने एक बार फिर जिले का नाम रोशन किया है। अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर उन्होंने पारंपरिक मिथिला पेंटिंग की कला में नई पहचान बनाई है। बेगूसराय के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के चौकी गांव की रहने वाली मोनी कुमारी आज मिथिला पेंटिंग की दुनिया में तेजी से अपनी पहचान बना रही हैं। उन्हें खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 के उद्घाटन समारोह में आयोजित लाइव मिथिला कैनवास पेंटिंग सेगमेंट में भाग लेने का अवसर मिला। यह कार्यक्रम पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेस में आयोजित किया गया था, जहां देशभर से सैकड़ों कलाकारों और प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
इस कार्यक्रम में मोनी कुमारी ने अपनी कला का शानदार प्रदर्शन किया। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन से प्रभावित होकर मिथिला चित्रकला संस्थान की ओर से उन्हें प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान मोनी कुमारी के लिए बेहद प्रेरणादायक साबित हुआ है।
अपनी इस उपलब्धि पर मोनी कुमारी ने अपने गुरुजनों और संस्थान के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वह आगे भी पारंपरिक मिथिला पेंटिंग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास करती रहेंगी। फिलहाल वह मिथिला पेंटिंग के लिए पद्मश्री से सम्मानित कलाकार बौवा देवी, दुलारी देवी एवं शिवन पासवान के मार्गदर्शन में इस कला की बारीकियां सीख रही हैं।
मोनी कुमारी की इस उपलब्धि से उनके गांव और आसपास के क्षेत्र में खुशी का माहौल है। गांव के लोग इस उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहे हैं और उन्हें लगातार बधाइयां दे रहे हैं। बचपन से ही मिथिला पेंटिंग में गहरी रुचि रखने वाली मोनी कुमारी आज अपनी मेहनत के दम पर इस पारंपरिक कला में एक नई पहचान बना रही हैं।
अजय शास्त्री की रिपोर्ट