Bihar Boat Accident: गंगा नदी में पलटी नाव, दो लोग लापता, चार घायल

Bihar Boat Accident: गंगा नदी में नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया। ...

Boat Capsizes in Bihar
गंगा नदी में पलटी नाव- फोटो : reporter

Bihar Boat Accident: बेगूसराय जिले में बुधवार शाम गंगा नदी में नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया। बछवाड़ा थाना क्षेत्र के चमथा-1 पंचायत अंतर्गत चमथा रजौली के पास हुई इस घटना में दो लोगों के लापता होने की सूचना है, जबकि चार लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लापता लोगों की तलाश के लिए बचाव अभियान चलाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए।

परवल की रोपनी कर लौट रहे थे ग्रामीण

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चमथा रजौली गांव के करीब 30 से 35 ग्रामीण गंगा नदी के पार लगभग तीन किलोमीटर दूर स्थित दियारा क्षेत्र में परवल की रोपनी करने गए थे। बुधवार शाम काम पूरा करने के बाद सभी नाव से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान नाव पर अधिक लोगों के सवार होने के कारण वह असंतुलित हो गई और देखते ही देखते नदी में पलट गई।नाव पलटते ही सवार लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई। हालांकि, कई ग्रामीण तैरकर किसी तरह नदी से बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन दो लोगों का पता नहीं चल सका। घटना के बाद से लापता लोगों के परिजन परेशान हैं और उनकी सुरक्षित बरामदगी की उम्मीद लगाए हुए हैं।

चार लोग घायल, अस्पताल में चल रहा इलाज

हादसे में घायल लोगों में चमथा-1 पंचायत के चमथा रजौली गांव निवासी उदगार महतो की 15 वर्षीय पुत्री पूनम कुमारी और विशो महतो के 16 वर्षीय पुत्र चंदन कुमार की पहचान हुई है। स्थानीय लोगों की मदद से दो घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बछवाड़ा में भर्ती कराया गया, जबकि दो अन्य घायलों का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है।घायल चंदन कुमार और उनके दादा भोला महतो के मुताबिक, गांव के करीब 30 से 35 लोग परवल की रोपनी के लिए नदी पार गए थे। लौटने के दौरान नाव पलट गई। कई लोग किसी तरह तैरकर बाहर निकल आए, लेकिन दो लोग अब तक लापता हैं।

मौके पर पहुंचे एसडीपीओ, सीओ और थानाध्यक्ष

हादसे की सूचना मिलने पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कृष्ण कुमार, अंचलाधिकारी प्रीतम गौतम और बछवाड़ा थानाध्यक्ष विकास कुमार राय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने हालात का जायजा लिया और लापता लोगों की खोजबीन के लिए चलाए जा रहे अभियान की जानकारी ली।

एसडीपीओ कृष्ण कुमार ने बताया कि नाव पलटने से दो लोगों के लापता होने की सूचना मिली है। उनकी तलाश की जा रही है।फिलहाल, बचाव अभियान जारी है। नाव पर क्षमता से अधिक लोगों के सवार होने की बात सामने आई है, हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। इस घटना ने गंगा पार खेती करने जाने वाले ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

रिपोर्ट- अजय शास्त्री