Bihar Crime News : बेगूसराय में बकाया रुपए मांगने से बौखलाए बदमाशों ने विवाहिता को मारी गोली, अस्पताल में चल रहा है इलाज
Bihar Crime News : बेगूसराय में बकाया रूपये मांगने पर बदमाशों ने महिला पर गोली चला दी. जिससे महिला गंभीर रूप से जख्मी हो गयी......पढ़िए आगे

Begusarai : बेगूसराय में बकाया रुपए मांगने पर बदमाशों ने एक महिला को गोली मारकर जख्मी कर दिया। गोली चलते ही स्थानीय लोगों में अफरा तफरी मच गई और आनन फानन में घरवालों ने घायल को उठाकर इलाज के लिए स्थानीय पीएचसी में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव की है। जख्मी की पहचान साहेबपुर कमाल थाना अंतर्गत वार्ड संख्या 2 रघुनाथपुर गांव निवासी सचिन यादव की लगभग 32 वर्षीय पत्नी गुड्डू कुमारी के रूप में की गयी हैं। घायल महिला ने बताया कि डेढ़ साल पहले किसी आवश्यक काम के नाम पर सत्तर हजार रुपए उसके चचेरे देवर ने लिया था। उन्होंने बताया कि पति जेल में बंद है और शुक्रवार की शाम उस रुपए की मांग किया तो जान से मारने की धमकीं देते हुए गोली चला दी जो उसके पैर में लग गई।
उसने कहा कि आरोपित से पुरानी रंजिश चल रही है। वहीं घटना के संबंध में साहेबपुर कमाल थाना अध्यक्ष राजीव रंजन ने बताया कि पैसे की लेनदेन में एक महिला को गोली लगने की सूचना मिली, जिसे इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। मामले की छानबीन शुरू करते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सभी संदिग्ध ठिकानों पर छापामारी चल रही है। जबकि गोली से घायल पीड़िता सदर अस्पताल के महिला वार्ड में भर्ती रहकर इलाजरत हैं जिसे खतरे से बाहर बताया जा रहा है।
बेगूसराय से अजय शास्त्री की रिपोर्ट