Bihar Crime : बेगूसराय में बदमाशों ने दूध विक्रेता विनोद यादव की गोली मारकर की हत्या, शव सड़क पर रखकर परिजनों ने किया हंगामा
Bihar Crime : बेगूसराय में बदमाशों ने एक दूध विक्रेता की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी। मृतक की पहचान सांख गांव निवासी 45 वर्षीय विनोद यादव के रूप में हुई है.....पढ़िए आगे
BEGUSARAI : मुफस्सिल थाना क्षेत्र में अपराध की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहाँ बीते शनिवार की देर शाम बदमाशों ने एक दूध विक्रेता की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी। मृतक की पहचान सांख गांव निवासी 45 वर्षीय विनोद यादव (पिता: सत्यनारायण यादव) के रूप में हुई है। यह घटना भर्रा-सांख मार्ग पर चपरिया बहियार के पास उस वक्त घटी जब विनोद यादव अपने ड्रम में दूध लेकर बेगूसराय शहर देने के लिए जा रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घात लगाए बदमाशों ने विनोद यादव को रास्ते में रोक लिया और बेहद नजदीक से उनकी कनपटी में सटाकर दो गोलियां मार दीं। गोली लगते ही उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के पीछे जो प्राथमिक वजह छनकर सामने आ रही है, उसमें अवैध शराब के कारोबार की मुखबिरी का शक और पुरानी रंजिश को मुख्य कारण माना जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाने की पुलिस त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए रात में ही शव को पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) मनीष ने भी खुद घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्थानीय अधिकारियों से घटना की पूरी जानकारी ली।
रविवार को पोस्टमार्टम के बाद जब विनोद यादव का शव परिजनों को सौंपा गया और वे उसे घर ले जा रहे थे, तब आक्रोश फूट पड़ा। आक्रोशित परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने राजोड़ा चौक के पास शव को सड़क पर रखकर यातायात पूरी तरह ठप कर दिया। लगभग 1 घंटे तक चले इस सड़क जाम के कारण सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं और भीषण गर्मी में आम राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
सड़क जाम की खबर मिलते ही मुफस्सिल थाने की पुलिस टीम दोबारा मौके पर पहुंची और उग्र लोगों को काफी समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस के उचित कार्रवाई के आश्वासन के बाद परिजनों ने जाम हटाया, जिसके बाद सड़क पर आवागमन सामान्य हो सका। फिलहाल पुलिस इस हत्या में शामिल अपराधियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
अजय शास्त्री की रिपोर्ट