दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर एक की गई जान, चार गंभीर रुप से घायल

Bihar Road Accident : बेगूसराय में रफ्तार के कहर ने एक युवक की जान ले। तेघड़ा थाना क्षेत्र के गौशाला रोड पर रॉन्ग साइड से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने शादी समारोह में जा रहे युवक को ऐसी टक्कर मारी कि उसकी मौके पर मौत हो गई....

दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर एक की गई जान, चार गंभीर रुप से
सड़क दुर्घटना में युवक की मौत- फोटो : अजय शास्त्री

Begusrai : जिले के तेघड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत तेघड़ा गौशाला रोड पर देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया। अपने दोस्त की शादी में शामिल होने जा रहे एक 24 वर्षीय युवक की इस हादसे में जान चली गई, जबकि दो मोटरसाइकिलों की भिड़ंत में चार अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।


रॉन्ग साइड से आ रहे तेज रफ्तार बाइक ने मारी टक्कर

मृतक की पहचान बरौनी फ्लैग वार्ड नंबर 8 निवासी कपिल देव सिंह के पुत्र विनीत के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, विनीत अपनी बाइक से समस्तीपुर जिले के विद्यापति नगर में आयोजित एक वैवाहिक समारोह में शामिल होने जा रहा था। जैसे ही वह तेघड़ा गौशाला रोड पर पहुँचा, सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। चश्मदीदों के अनुसार, दूसरी बाइक पर तीन युवक सवार थे जो गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से आ रहे थे।


घटनास्थल पर हुई मौत

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों मोटरसाइकिलों के परखच्चे उड़ गए और विनीत की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, दोनों बाइकों पर सवार अन्य चार युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और दर्द से तड़पने लगे। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।


मौत की खबर के बाद परिजनों में मचा कोहराम

हादसे की सूचना मिलते ही तेघड़ा थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई पूरी की और उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। विनीत की मौत की खबर मिलते ही उसके परिजनों में कोहराम मच गया है। घर में शादी की खुशियों के बीच इस अनहोनी ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।


स्थानीय निवासियों ने इस घटना पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि गौशाला रोड पर रॉन्ग साइड ड्राइविंग और तेज रफ्तार आम बात हो गई है, जिसके कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं ताकि भविष्य में किसी और घर का चिराग इस तरह न बुझे।


अजय शास्त्री की रिपोर्ट