Bihar road accident:शादी से लौटते वक्त काल बना रास्ता,बाइक हादसे में दो युवकों की गई जान, एक जिंदगी से जूझ रहा

Bihar road accident:भीषण दुर्घटना में एक ही गांव के तीन दोस्तों की बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई...

Return from Wedding Turns Fatal 2 Die in Bike Crash
बाइक हादसे में दो की मौत- फोटो : reporter

Bihar road accident: बेगूसराय में  एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के पंचमुखी मंदिर के पास हुई इस भीषण दुर्घटना में एक ही गांव के तीन दोस्तों की बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर हालत में अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा है।

मृतकों की पहचान कृष्ण कुमार और रेनू कुमार के रूप में हुई है, जबकि घायल प्रिंस कुमार का इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि तीनों दोस्त एक शादी समारोह से देर रात लौट रहे थे। रात करीब 3 बजे का वक्त था, सड़क पर अंधेरा ज्यादा था और अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया।

घायल प्रिंस कुमार के मुताबिक, “जहां हादसा हुआ वहां रोशनी नहीं थी। अचानक हैंडल डगमगा गया और हम लोग गिर पड़े।” गिरते ही हादसा इतना भीषण था कि कृष्ण और रेनू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही चेरिया बरियारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं प्रिंस कुमार को आनन-फानन में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

इस हादसे के बाद गांव में कोहराम मच गया है। एक ही गांव के दो युवकों की एक साथ मौत ने पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। यह हादसा एक कड़वा सच फिर सामने लाता है तेज रफ्तार, अंधेरी सड़क और एक बाइक पर तीन सवार… ये लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। कुछ ही पलों की चूक ने दो जिंदगियां छीन लीं और तीसरे को मौत से जूझने पर मजबूर कर दिया।

रिपोर्ट- अजय शास्त्री