Bihar News : बेगूसराय के सरकारी स्कूल में परोसा गया सड़ा अंडा, एक छात्र की बिगड़ी तबीयत, परिजनों ने जमकर काटा बवाल

Bihar news : बेगूसराय के कादराबाद पंचायत स्थित मध्य विद्यालय हरिपुर रुदौली में बच्चों को परोसे गए भोजन में सड़ा हुआ अंडा मिलने के बाद हड़कंप मच गया.....पढ़िए आगे

Bihar News : बेगूसराय के सरकारी स्कूल में परोसा गया सड़ा अंड
छात्र की बिगड़ी तबियत - फोटो : AJAY

BEGUSARAI : बेगूसराय से एक बार फिर सरकारी स्कूलों में बच्चों को दिए जाने वाले मिड डे मील की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करने वाली खबर सामने आई है। जहाँ एक सरकारी स्कूल में बच्चों को परोसे गए भोजन में सड़ा अंडा मिलने के बाद हड़कंप मच गया। अंडा खाने के बाद एक छात्र की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद परिजनों ने स्कूल परिसर में जमकर हंगामा किया।

मामला बेगूसराय जिले के बछवाड़ा प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत कादराबाद पंचायत स्थित मध्य विद्यालय हरिपुर रुदौली का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार मध्याह्न भोजन के दौरान एक छात्र की थाली में सड़ा हुआ अंडा परोसा गया। आरोप है कि अंडा खाने के कुछ ही देर बाद छात्र को उल्टी और पेट दर्द की शिकायत होने लगी। छात्र की तबीयत बिगड़ने की खबर मिलते ही स्कूल में अफरा-तफरी मच गई और बच्चों व अभिभावकों के बीच हड़कंप की स्थिति बन गई।

घटना के बाद छात्रों ने इसकी जानकारी विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरविंद चौधरी को दी और परिजनों को बुलाया गया। लेकिन आरोप है कि शिकायत सुनने के बजाय प्रधानाध्यापक ने अभिभावकों पर ही रौब झाड़ना शुरू कर दिया। परिजनों का आरोप है कि प्रधानाध्यापक ने कहा – “जिसको कहना है कह दो, कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।” इतना ही नहीं, माहौल बिगड़ता देख प्रधानाध्यापक के स्कूल छोड़कर चले जाने की भी बात कही जा रही है। घटना से गुस्साए अभिभावकों ने विद्यालय परिसर में जमकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर स्थानीय मुखिया अजित कुमार चौधरी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।

वहीं ग्रामीणों ने प्रधानाध्यापक पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इससे पहले भी चावल चोरी, मध्याह्न भोजन में गड़बड़ी और विद्यालय संचालन में भ्रष्टाचार जैसे आरोप लगते रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अभिभावकों ने यह भी आरोप लगाया कि राजनीतिक पहुंच के कारण कार्रवाई प्रभावित होती रही है। इधर एमडीएम प्रभारी विक्रम कुमार ने पूरे मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि छात्र को सड़ा अंडा मिला था, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ी थी। हालांकि अब छात्र की हालत सामान्य बताई जा रही है। मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई की बात कही जा रही है। अब बड़ा सवाल यह है कि जिन सरकारी स्कूलों में बच्चों के बेहतर पोषण और स्वास्थ्य की जिम्मेदारी है, वहां अगर खाने की गुणवत्ता पर ही सवाल उठने लगे, तो आखिर बच्चों की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा? अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले में क्या कार्रवाई करता है।

अजय शास्त्री की रिपोर्ट