Bihar News : बेगूसराय सदर अस्पताल में सुरक्षा का 'मजाक', कैदियों को अकेला छोड़ पान खाने गया चौकीदार, आधे घंटे तक राम भरोसे रहे बंदी
BEGUSARAI : जिले के सदर अस्पताल में कैदियों की सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी लापरवाही का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। लाखो थाना से मेडिकल जांच के लिए लाए गए दो कैदी करीब आधे घंटे तक अस्पताल परिसर में बिना किसी कड़ी सुरक्षा के बैठे रहे। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात चौकीदार कैदियों को उनके हाल पर छोड़ पान खाने बाहर चला गया था, जिससे पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, लाखो थाना के दो चौकीदार, संजय पासवान और रामानंद साह, दो बंदियों को मेडिकल के लिए सदर अस्पताल लेकर आए थे। इसी बीच रामानंद साह अस्पताल के कागजों (पूर्जा) की फोटोकॉपी कराने बाहर गए थे, जबकि दूसरे चौकीदार संजय पासवान पर सुरक्षा की जिम्मेदारी थी। लेकिन संजय पासवान भी कैदियों को वहीं छोड़कर पास की दुकान पर पान खाने चले गए। अस्पताल में हथकड़ी लगाए कैदी काफी देर तक अकेले बैठे रहे, जिसे देख वहां मौजूद लोग दंग रह गए।
जब मीडिया कर्मियों और स्थानीय लोगों ने चौकीदार की इस गैरमौजूदगी पर सवाल उठाया, तो चौकीदार संजय पासवान ने गैर-जिम्मेदाराना जवाब दिया। उन्होंने बेबाकी से स्वीकार किया कि वह बगल की दुकान पर पान खाने गए थे और उन्हें किसी का डर नहीं लगता। वहीं, एक कैदी ने भी पुष्टि की कि चौकीदार उन्हें काफी देर तक अकेला छोड़कर गायब थे। मामले की गंभीरता का अहसास तब हुआ जब मीडिया का कैमरा चलते देख चौकीदार आनन-फानन में मौके पर पहुंचा और कैदियों को अपने घेरे में लिया।
इस घटना ने अस्पताल प्रशासन और पुलिस सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। प्रत्यक्षदर्शियों के बीच यह चर्चा का विषय बना रहा कि अस्पताल जैसी भीड़भाड़ वाली जगह पर अगर कोई कैदी चकमा देकर फरार हो जाता, तो इसका जिम्मेदार कौन होता। एक तरफ पुलिस विभाग मुस्तैदी के दावे करता है, वहीं दूसरी ओर एक चौकीदार का सरेआम यह कहना कि "उसे किसी से डर नहीं लगता", विभाग के अनुशासन पर सवालिया निशान लगाता है। फिलहाल इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। अब देखना यह है कि वरीय पुलिस अधिकारी इस घोर लापरवाही और अनुशासनहीनता पर संबंधित चौकीदारों के खिलाफ क्या कार्रवाई करते हैं। सदर अस्पताल में मौजूद मरीजों और परिजनों ने इस तरह की लापरवाही को भविष्य के लिए बड़ा खतरा बताया है।
अजय शास्त्री की रिपोर्ट