Bihar News : बेतिया में झोलाछाप डॉक्टर ने ली 4 साल के मासूम की जान, इंजेक्शन और दवा देते ही तड़पकर तोड़ा दम, परिजनों ने थाने में दर्ज करायी शिकायत

Bihar News : बेतिया में झोलाछाप डॉक्टर ने ली 4 साल के मासूम

BETTIAH : बिहार के पश्चिम चम्पारण जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र से चिकित्सा व्यवस्था को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहाँ एक कथित झोलाछाप डॉक्टर विनोद यादव के गलत इलाज के कारण 4 साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर ने बच्चे को गलत इंजेक्शन और दवा दी, जिससे उसकी स्थिति बिगड़ती चली गई और अंततः चिकित्सक के दरवाजे पर ही उसने दम तोड़ दिया।

मृतक के पिता धनई साह ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि उनके बच्चे को मामूली खांसी थी, जिसके इलाज के लिए वे विनोद यादव के पास गए थे। आरोप है कि डॉक्टर ने बच्चे की नस में कोई अज्ञात इंजेक्शन लगाया और एक टेबलेट देकर घर भेज दिया। रात में बच्चे की तबीयत अचानक ज्यादा बिगड़ गई, लेकिन जब परिजन दोबारा डॉक्टर के पास पहुंचे, तो डॉक्टर ने उन्हें फटकार कर भगा दिया और सुबह आने को कहा।

अगली सुबह 6 बजे जब परिजन दोबारा डॉक्टर के घर पहुंचे, तो चिकित्सक ने फिर से वही टेबलेट बच्चे को खिलाई। परिजनों का दावा है कि टेबलेट खाते ही बच्चे की स्थिति और अधिक गंभीर हो गई और चंद मिनटों में डॉक्टर के दरवाजे पर ही उसकी मौत हो गई। चौंकाने वाली बात यह है कि मौत के बावजूद डॉक्टर ने सच छिपाने की कोशिश की और परिजनों को झांसा देकर जल्द से जल्द बेतिया जीएमसीएच ले जाने को कहा।

बच्चे की मौत से आक्रोशित परिजन शव को लेकर सीधे गोपालपुर थाना पहुंचे। थानाध्यक्ष ने मामले की गंभीरता को देखते हुए परिजनों से आवेदन लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए बेतिया जीएमसीएच भेज दिया। जब पुलिस और परिजन आरोपी चिकित्सक के घर पहुंचे, तो विनोद यादव क्लीनिक और घर पर ताला लगाकर फरार हो चुका था।

इस घटना ने क्षेत्र में बिना डिग्री के क्लीनिक चला रहे झोलाछाप डॉक्टरों की कार्यशैली पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते हुए दोषी डॉक्टर की जल्द गिरफ्तारी और अवैध रूप से चल रहे क्लीनिकों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और आरोपी डॉक्टर की तलाश में छापेमारी जारी है।

आशीष की रिपोर्ट