Bihar Fake Police: बिहार में नेम प्लेट लगी वर्दी पहन कर झाड़ती थी रौब, सब इंस्पेक्टर बन करती थी ठगी, शातिर महिला गिरफ्तार

Bihar Fake Police:बिहार में पुलिस ने एक ऐसी शातिर महिला को दबोचा है, जो खुद को सब इंस्पेक्टर बताकर न सिर्फ लोगों से ठगी करती थी, बल्कि वर्दी का रौब दिखाकर इलाके में दबदबा भी कायम किए हुए थी। ...

Begusarai Woman Posed as Sub Inspector Arrested for Fraud
बिहार में नेम प्लेट लगी वर्दी पहन कर झाड़ती थी रौब- फोटो : reporter

Bihar Fake Police:बिहार में पुलिस ने एक ऐसी शातिर महिला को दबोचा है, जो खुद को सब इंस्पेक्टर बताकर न सिर्फ लोगों से ठगी करती थी, बल्कि वर्दी का रौब दिखाकर इलाके में दबदबा भी कायम किए हुए थी। गिरफ्तार महिला की पहचान बेगूसराय के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के संत नगर एघ निवासी कजोमा कुमारी के रूप में हुई है। वह लंबे समय से निशु कुमारी नाम से खुद को पुलिस अफसर बताती फिर रही थी।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला ने बाकायदा नेम प्लेट, पुलिस की वर्दी और अन्य साजो-सामान तैयार करा रखे थे, ताकि उसकी कहानी पर कोई शक न करे। इलाके में वह कभी जांच के नाम पर, तो कभी कार्रवाई की धमकी देकर लोगों से मोटी रकम वसूलती थी। कई लोग उसके रौब और धौंस के आगे खामोश रहे, तो कुछ डर के मारे शिकायत तक नहीं कर पाए।

मामला तब खुला जब कुछ लोगों को उसके व्यवहार और पहचान पर शक हुआ। उन्होंने मुफस्सिल थाने को गुप्त सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और छापेमारी कर उसे वर्दी व फर्जी पहचान से जुड़े सामान के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में महिला ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी लंबे समय से इस फर्जीवाड़े को अंजाम दे रही थी और पुलिस की नाक के नीचे लोगों को चूना लगा रही थी। अब यह भी खंगाला जा रहा है कि उसने किन-किन लोगों से कितनी रकम वसूली और कहीं इस गिरोह में कोई और भी शामिल तो नहीं।

महिला की गिरफ्तारी के बाद इलाके में राहत की सांस ली जा रही है। लोग हैरान हैं कि किस तरह एक शख्स ने वर्दी की आड़ में कानून को ही चुनौती दे डाली। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तहकीकात में जुटी है और जल्द ही ठगी की पूरी कहानी का खुलासा करने की बात कह रही है।

रिपोर्ट- अजय शास्त्री