Shahnawaz Hussain News: भाजपा नेता विजय सिंह प्रमुख को शाहनवाज हुसैन ने दी श्रद्धांजलि, भागलपुर में शोक की लहर

Shahnawaz Hussain News: भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय सिंह प्रमुख के निधन पर राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन भागलपुर पहुंचे और श्रद्धांजलि दी। जानें पूरी खबर।

 Shahnawaz Hussain News
भागलपुर पहुंचे शाहनवाज हुसैन- फोटो : news4nation

Shahnawaz Hussain News: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन मंगलवार (19 अगस्त 2025) की देर शाम भागलपुर पहुंचे और सीधे भागलपुर भाजपा के वरिष्ठ नेता रहे विजय सिंह प्रमुख के आवास पर गए। शाहनवाज हुसैन ने विजय सिंह प्रमुख के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। भागलपुर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रहे विजय सिंह प्रमुख का मंगलवार सुबह निधन हो गया। शाहनवाज हुसैन ने विजय सिंह प्रमुख के सभी परिजनों से भी मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी।

शाहनवाज हुसैन ने कहा कि विजय सिंह प्रमुख उनके लिए सिर्फ एक राजनीतिक सहकर्मी नहीं थे, बल्कि एक मित्र, अभिभावक और बड़े भाई के समान थे। शाहनवाज हुसैन ने कहा कि किशनगंज से चुनाव लड़ते समय से ही विजय सिंह प्रमुख उनसे जुड़ गए थे और लगातार उनके साथ जुड़ाव बना रहा। विजय सिंह प्रमुख ने चुनाव प्रचार का नेतृत्व किया और भागलपुर में सांसद प्रतिनिधि के रूप में भी हमेशा सहयोग करते रहे।

कहलगांव के ब्लॉक प्रमुख रहे

विजय सिंह प्रमुख कई वर्षों तक कहलगांव के ब्लॉक प्रमुख रहे। वे भाजपा के ज़िला अध्यक्ष रहे और पीरपैंती विधानसभा से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी भी बने। सामाजिक क्षेत्र में उनकी गहरी छाप है।शाहनवाज हुसैन ने कहा कि विजय सिंह प्रमुख के रुप में भागलपुर ने एक कर्मठ नेता और समर्पित कार्यकर्ता खो दिया है। उन्होंने कहा कि विजय सिंह प्रमुख का स्नेह, मार्गदर्शन और अपनापन उनके जीवन की अमूल्य धरोहर है। उन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकता। विजय सिंह प्रमुख के निधन पर भागलपुर भाजपा परिवार में शोक की लहर है। शाहनवाज हुसैन के साथ जिलाध्यक्ष संतोष साह समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। 

भागलपुर से balmukund kumar कि रिपोर्ट