Political news - भाजपा विधायक ई. कुमार शैलेंद्र बने बिहार विधानसभा में सत्तारूढ़ दल के सचेतक, नए दायित्व को लेकर शीर्ष नेतृत्व का जताया आभार
Political news - भाजपा विधायक ई. शैलेंद्र कुमार को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी नेतृत्व ने बिहपुर विधायक को विधानसभा में सतारुढ़ दल का सचेतक नियुक्त किया है। उनके साथ खजौली विधायक अरुण शंकर प्रसाद को भी सचेतक बनाया गया है।

Bhagalpur - बिहार विधानसभा में भाजपा विधायक ई. कुमार शैलेंद्र को सत्तारूढ़ दल का सचेतक (राज्यमंत्री) बनाए जाने की घोषणा के बाद भाजपा एवं एनडीए के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई दी। विधायक शैलेंद्र ने इस नए दायित्व को पार्टी की शीर्ष नेतृत्व की अपेक्षाओं से जोड़ते हुए अपनी कर्तव्यनिष्ठा और संगठन की मजबूती के लिए प्रतिबद्धता जताई है।
भाजपा और एनडीए कार्यकर्ताओं में हर्ष
बिहार विधानसभा सचिवालय के सचिव ख्याति सिंह द्वारा संसदीय कार्य विभाग के अपर मुख्य सचिव को भेजे गए पत्र में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ओर से दो विधायकों— बिहपुर के ई. कुमार शैलेंद्र और खजौली के अरुणशंकर प्रसाद को सत्तारूढ़ दल के सचेतक के रूप में मनोनीत किए जाने की पुष्टि की गई। इस घोषणा के बाद भाजपा और एनडीए गठबंधन के नेताओं ने दोनों विधायकों को शुभकामनाएं दीं।
सचेतक बनाए जाने पर क्या बोले ई. कुमार शैलेंद्र?
विधायक ई. कुमार शैलेंद्र ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस जिम्मेदारी को स्वीकार करते हुए कहा— "बिहार विधानसभा में सत्तारूढ़ दल के सचेतक (राज्यमंत्री) के रूप में दिए गए दायित्व के लिए मैं शीर्ष नेतृत्व का हृदय से आभार प्रकट करता हूँ। मैं पूरी ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से इस जिम्मेदारी को निभाऊँगा और संगठन को और मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य करता रहूँगा।"
इसके अलावा, उन्होंने उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा से मुलाकात कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर अरुण शंकर प्रसाद और उन्हें विजय सिन्हा ने मिठाई खिलाकर और अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि ई. कुमार शैलेंद्र संगठन के प्रति समर्पित नेता हैं, और इसीलिए उन्हें भाजपा ने सत्तारूढ़ दल के सचेतक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है। भाजपा में उनका कद पहले से ही मजबूत था, और अब इस दायित्व से वे संगठन में और प्रभावी भूमिका निभाएंगे। बिहार की राजनीति में ई. कुमार शैलेंद्र की छवि एक जुझारू और क्षेत्रीय विकास पर केंद्रित नेता की रही है। सचेतक बनने के बाद उनके सामने संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ अपने विधानसभा क्षेत्र बिहपुर में विकास को गति देने की चुनौती होगी।
भाजपा विधायक ई. कुमार शैलेंद्र ने सत्तारूढ़ दल के सचेतक की जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया है। मंत्री न बनाए जाने की चर्चाओं को विराम देते हुए उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि उनका प्राथमिक लक्ष्य अपने क्षेत्र का विकास है, न कि पद की दौड़। भाजपा नेतृत्व भी उन पर भरोसा जता चुका है, जिससे साफ है कि आने वाले दिनों में वे और महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आ सकते हैं।
रिपोर्ट - अंजनी कुमार कश्यप