Bihar News : बक्सर में ट्रैफिक नियमों को लेकर परिवहन विभाग ने दिखाई सख्ती, हेलमेट, सीट बेल्ट और ओवरलोडिंग की जाँच के लिए विशेष टीम किया तैनात
BUXAR : जिले में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने और सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराने के लिए जिला परिवहन कार्यालय ने कमर कस ली है। जिला परिवहन पदाधिकारी राज कुमार प्रसाद द्वारा जारी संशोधित आदेश के अनुसार, शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर हेलमेट और सीट बेल्ट की सघन जाँच की जाएगी। इसके लिए प्रवर्तन अवर निरीक्षकों की विशेष प्रतिनियुक्ति की गई है, जो 13 फरवरी से 28 फरवरी 2026 तक निरंतर अभियान चलाएंगे।
प्रशासन ने शहर के प्रमुख व्यस्त इलाकों को चिन्हित कर वहां महिला अधिकारियों की तैनाती की है। आदेश के मुताबिक सत्यवंती कुमारी को ज्योति चौक, अनुपमा कुमारी को गोलम्बर, शालिनी कुमारी को मठिया मोड़ और नेहा कुमारी को सिंडिकेट क्षेत्र में तैनात किया गया है। ये सभी अधिकारी निर्धारित स्थलों पर हेलमेट और सीट बेल्ट की जाँच करेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों से नियमानुसार शमन (जुर्माना) वसूलना सुनिश्चित करेंगे।
ट्रैफिक नियमों के साथ-साथ जिले में ओवरलोडिंग वाहनों के खिलाफ भी बड़ी कार्रवाई की तैयारी है। पिछले एक माह से ओवरलोडिंग वाहनों की संख्या में अत्यधिक वृद्धि देखी गई है, जिससे NH-922 और वीर कुँवर सिंह सेतु पर भारी दबाव बढ़ गया है। इससे बक्सर शहर की सहायक सड़कों पर लगातार जाम की स्थिति बनी रहती है। इस समस्या के समाधान के लिए परिवहन विभाग के निर्देशों के आलोक में परिवहन चेकपोस्ट और गोलम्बर के आसपास विशेष निगरानी रखने का निर्णय लिया गया है।
ओवरलोडिंग पर लगाम लगाने के लिए चलन्त दस्ता सिपाहियों को दो पालियों में तैनात किया गया है। पहली पाली रात 8 बजे से मध्य रात्रि 12 बजे तक और दूसरी पाली मध्य रात्रि 12 बजे से सुबह 4 बजे तक संचालित होगी। ये टीमें मोटरयान निरीक्षकों के साथ समन्वय स्थापित कर वाहनों की सघन जाँच करेंगी। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि बिहार मोटरगाड़ी नियमावली और मोटरयान अधिनियम 1988 की धाराओं के तहत शक्तियों का प्रयोग करते हुए ओवरलोडिंग वाहनों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
पारदर्शिता और त्वरित रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के लिए सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे वाहनों की जाँच और वसूले गए जुर्माने से संबंधित दैनिक प्रतिवेदन प्रतिदिन शाम 5:00 बजे तक कार्यालय के व्हाट्सएप ग्रुप पर भेजना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही, आवश्यकतानुसार चलन्त दस्ता सिपाहियों के कार्य क्षेत्र में किसी भी समय बदलाव किया जा सकेगा। इस सख्ती का मुख्य उद्देश्य शहर में यातायात जाम से मुक्ति दिलाना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है।